राज्यराष्ट्रीय

नोटबंदी और सर्जिकल स्ट्राइक मोदी सरकार की दो बड़ी उपलब्धियां

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अमित शाह ने कहा

amit_shahhh11नई दिल्ली : चुनावी माहौल में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कालेधन के खिलाफ नोटबंदी और आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक को मोदी सरकार की दो सबसे बड़ी उपलब्धि करार दिया। पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का उद्घाटन करते हुए उन्होंने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में जीत का बड़ा दावा भी किया। विरोधी दलों पर विकास और गरीब विरोधी होने के तंज भी कसे। शाह के भाषण का आधे से ज्यादा हिस्सा नोटबंदी के मुद्दे के ईर्द-गिर्द ही रहा। इतना ही नहीं अध्यक्ष के भाषण के बाद भाजपा के संसदीय बोर्ड ने मंच पर आकर नोटबंदी के ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष स्वागत व सम्मान किया। इसके पहले वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।
दस हजार में से 8000 सीटें जीतीं
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, कालीकट की पिछली कार्यकारिणी की बैठक के बाद से अब तक के तीन महीनों में बड़ा अंतर आया है। तब उड़ी के आतंकी हमले के बाद लोगों में गुस्सा था। इसके बाद मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तानी व आतंकी मंसूबों को करारा जबाब दिया। नोटबंदी का फैसला कर भ्रष्टाचारियों, काले धन के कारोबारियों, नक्सलियों व आतंकियों की कमर तोड़ी। आठ नवंबर के बाद से अब तक के लोकसभा व विधानसभा उपचुनावों से लेकर स्थानीय निकायों के तक से चुनावों की लगभग दस हजार सीटों में से आठ हजार भाजपा ने जीती हैं। जनता का समर्थन आने वाले पांच राज्यों में भी जारी रहेगा। शाह ने कहा कि जनता ने 2014 में देश की तस्वीर बदलने के जनादेश दिया था। इसलिए सरकार बड़े दीर्घकालिक निर्णय कर रही है। नोटबंदी से गरीब सरकार के पक्ष में खड़ा है। उसने कुछ दिन की परेशानी झेली है, लेकिन पीछे नहीं हटा है। अब सारी लाइनें खत्म हो जाएंगी।
शाह ने कहा कि इस पूरे मामले में विपक्ष का गरीब विरोधी व विकास विरोघी चेहरा सामने आ गया है। विपक्ष केवल कुतर्क करता रहा कि क्या किया? क्यों किया? मोदी सरकार ने इसकी तैयारी पहले दिन से ही शुरू कर दी थी। एसआईटी बनाना, जनधन खाते खुलवाना, बेनामी संपत्ति पर रोक, सिंगापुर, मारीशस और साइप्रस के रास्तों को बंद करना इसमें शामिल है। प्रधानमंत्री ने नोटबंदी के 50 दिन पूरे होने पर जो घोषणाएं की उससे साफ है कि सरकार की दिशा गरीबों की तरफ है। शाह ने दावा किया कि आगामी पांच राज्यों के चुनाव में भाजपा चुनाव जीतेगी। जनता का कल्याण व विकास भाजपा का नारा है। उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, जमीन पर कब्जा, कानून-व्यवस्था व भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है। उत्तराखंड में परिवर्तन यात्राओं की सफलता चुनावी सफलता तक जाएगी। गोवा व पंजाब में भाजपा व गठबंधन की सरकारें हैं। पंजाब में हालात बदले हैं और अब स्थिति अच्छी है। गोवा में संकल्प यात्राओं को भारी प्रतिसाद मिला है। मणिपुर बड़े परिवर्तन का गवाह बनने जा रहा है। वहां पर बंद मुक्त, ब्लाकेट मुक्त मणिपुर का नारा दिया है। शाह ने एक साथ चुनाव कराने की वकालत करते हुए कहा कि इससे पारदर्शिता आएगी। चुनाव खर्च में कमी आएगी। चुनाव सुधारों के लिए पार्टी ने भी एक समिति बनाई है। एक साथ चुनाव होने से कई समस्याएं सुलझेंगी।

Related Articles

Back to top button