फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

पश्चिमी तटों तक पहुंचा मानसून, अगले 10 दिनों में कई राज्यों पर छाएंगे काले बादल

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, पूरे कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ और हिस्सों, पूरे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। तमिलनाडु के रामेश्वरम में रविवार को तड़के भारी बारिश हुई और मानसून तेजी से पश्चिम तटों की ओर बढ़ रहा है। महाराष्ट्र और गोवा के कई इलाकों में भी देर रात मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में बारिश हुई। अगले दस दिनों में इसके ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और बिहार में पहुंचने का अनुमान है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। केरल, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं छिटपुट बूंबाबांदी भी होने के आसार हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, यह मानसून की बारिश नहीं होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस हफ्ते दिल्ली में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। दिन में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून मध्य बंगाल की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले दस दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों और बिहार तक पहुंच जाएगा। रविवार और सोमवार को आसमान पर बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबादी के आसार भी हैं। मंगलवार से दिन के समय तेज हवाएं चलने लगेंगी।

Related Articles

Back to top button