राष्ट्रीय

पाक के ‘नापाक’ बोल, सुषमा से कहा बंद करो युद्धविराम का उल्लंघन

नई दिल्ली : पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को पत्र लिख कर नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए युद्ध विराम उल्लंघन को तुरंत बंद कराने का आग्रह किया है। आसिफ ने पिछले माह लिखे पत्र में कहा है कि बेवजह किए जा रहे युद्ध विराम उल्लंघन से दोनों पक्षों के निर्दोष नागरिकों की जानें जा रही हैं। आसिफ ने अपने इस पत्र में लिखा है कि अब समय आ चुका है कि दोनों देश सीजफायर का उल्लंघन बंद करें क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों की जान जा रही है। आसिफ ने अपने पत्र में यह आरोप भी लगाया कि भारतीय जवान फायरिंग कर पाक सैनिकों को ‘उकसाते’ हैं, जिसका पाकिस्तानी फौज केवल जवाब देती है। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्री ने इस पत्र का अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान का यह आरोप स्वीकार्य नहीं है कि भारतीय सेना उकसावे की कार्रवाई करती है। सन 2017 में पाकिस्तानी फौज द्वारा सीजफायर उल्लंघन की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है।

गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अक्टूबर तक पाकिस्तान ने इंटरनेशनल बॉर्डर और एलओसी पर 724 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है, जबकि पिछले पूरे साल में यह संख्या केवल 449 थी। अक्टूबर तक पाकिस्तान की फायरिंग में 12 नागरिकों और 17 भारतीय जवानों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। भारतीय अधिकारी ऐसा नहीं मानते हैं कि इस पत्र के जरिए दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच बर्फ पिघलेगी। भारत का मानना है कि हाल में जमात उद दावा सरगना और मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की रिहाई से दोनों देशों के बीच और दूरी आ गई है। बता दें कि पिछले महीने रूस के सोची में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सम्मेलन में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पाक पीएम शाहिद अब्बासी दोनों ने शिरकत की थी, लेकिन दोनों ही पक्षों की ओर से औपचारिक मुलाकात की कोई पहल नहीं की गई। पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान इस्लामाबाद में भारत के दूत को लगातार समन दे रहा है कि भारत की तरफ किए जाने वाले ‘कथित’ सीजफायर उल्लंघन से क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता है। अपने इस पत्र में भी आसिफ ने उल्टा भारत पर ही सीजफायर उल्लंघन का आरोप लगाया है। पाकिस्तान का दावा है कि इस साल भारत के जवानों ने 1,300 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है जिसमें उसके 52 नागरिकों की मौत हुई है। 

 

Related Articles

Back to top button