
रिश्तों की मर्यादा तार-तार करते हुए एक शख्स अपनी ही नाबालिग बेटी की अस्मत पिछले पांच महीने से लूटता रहा। किशोरी के गर्भवती होने पर मामले का पता चला। आरोपी की पत्नी ने सोमवार को उसके खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया हैकस्बे के कोतवाली रोड निवासी युवक मजदूरी करता है। उसकी पत्नि भी घरों में झाड़ू पोंछा करती है। सोमवार को कोतवाली में अपनी बेटी के साथ कोतवाली पहुंची महिला ने अपने पति के खिलाफ बेटी के साथ दुष्कर्म करने की तहरीर दी।
उसने पुलिस को बताया कि जनवरी में वह काम करने के लिए गई हुई थी। उसका पति और नाबालिग पुत्री घर पर अकेली थी। इस दौरान उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद से वह लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
मां-बेटी सोमवार को शाम करीब 8 बजे कोतवाली पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ एसी शर्मा भी कोतवाली पहुंचे और महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में उन्होंने किशोरी से पूछताछ की।
थानाध्यक्ष अरुण त्यागी ने बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।



