लखनऊ

पितृ पक्ष में गोमाता की तेरहवीं का आयोजन, श्राद्ध कर्म के साथ कराया मुंडन

लखनऊ : पितृ पक्ष में जहां लोग अपने पूर्वजों का श्राद्ध कर्म करके उनका तर्पण करते हैं। वहीं शुक्रवार को एक गाय का भी तेरहवीं संस्कार किया गया। इसके लिए बाकायदा आमंत्रण पत्र लोगों को भेजा गया और श्राद्ध सहित मुंडन भी कराया गया। गोमाता के लिए हुए इस तेरहवीं कर्म की क्षेत्र में काफी चर्चा है। रायबरेली के लालगंज के चांदा गांव में बल्हेश्वर शर्मा के पास 16 वर्षों से एक गाय थी, जिसकी मौत इसी वर्ष 24 जनवरी को हो गई थी। तब उसको विधि विधान से समाधि दी गई थी। अब उसी गाय की तेरहवीं की जा रही है।

बल्हेश्वर के बेटे राम मिलन के अनुसार पूरे परिवार को गाय बहुत प्रिय थी उसकी मौत के बाद सभी को बहुत दु:ख हुआ था। वह उनके लिए एक पारिवारिक सदस्य की तरह थी। उन्होंने बताया कि गाय का उचित ढंग से संस्कार हो सके। इसके लिए पंडितों से संपर्क किया गया और उनकी सलाह पर पितृ पक्ष में मृत्यु के बाद के संस्कार करने का निर्णय किया गया। गोमाता की हो रही इस तेरहवीं संस्कार की खूब चर्चा है। करीब पांच सौ लोगों को आमंत्रण पत्र भेजा गया, जिसमें काफी लोग सम्मिलित हुए। शुक्रवार को हो रहे तेरहवीं संस्कार के पहले बाकायदा श्राद्ध भी किया गया था, जिसमें दान आदि दिया गया।

Related Articles

Back to top button