उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंग

पूर्व मंत्री आजम खान की बड़ी बहन हिरासत में!

लखनऊ : प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा सांसद आजम खान की बड़ी बहन निखत अफलाक को शुक्रवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस ने हिरासत या गिरफ्तारी की बात से साफ इनकार किया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी पर लगे आरोपों के सम्बन्ध में चल रही जांच के तहत उनसे पूछताछ की जा रही है। आजम पर भैंस चोरी के मामले में भी एक केस चल रहा है। आजम खान की छोटी बहन नसरीन ने बताया, ‘चार-पांच गाड़ियों में पुलिस हमारे घर आई और मेरी बहन को ले गई। हमें उनकी गिरफ्तारी या नजरबंदी की वजह नहीं बताई गई। जब मैं वहां पहुंची तो जगह-जगह खाना बिखरा पड़ा था। उन्होंने बुर्का पहनने तक की अनुमति तक नहीं दी। वह बूढ़ी महिला हैं, जिनकी उम्र करीब सत्तर साल है। उनकी तबियत भी ठीक नहीं रहती।’ वहीं रामपुर के एसपी अजय पाल शर्मा ने कहा कि निखत जौहर ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष हैं और हमें आजम खान द्वारा भूमि कब्जाने के बारे में किसानों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों के बारे में उनसे पूछताछ करने की जरुरत थी।

उन्होंने कहा, ‘हम सभी मानवाधिकारों का ध्यान रख रहे हैं और उनसे सिर्फ जानकारी चाहते हैं।’ शर्मा ने साफ किया कि निखत को ना गिरफ्तार किया है और ना ही हिरासत में लिया गया है। उनसे सिर्फ पूछताछ चल रही है। दूसरी तरफ आजम खान की पत्नी और राज्यसभा सांसद तंजीम फातिमा ने कहा कि सत्तर साल से ज्यादा उम्र की एक बूढ़ी औरत को पुलिस धक्के मारते हुए घर से ले गई। उन्होंने कहा, ‘क्या यह लोकतांत्रिक तरीका है? क्या यही पुलिस की कार्यशैली है कि किसी बूढ़ी महिला को घर से घसीटते हुए इस तरह ले जाया जाए। पुलिस को कुछ पूछता था तो सीधे सवाल करती।’

Related Articles

Back to top button