फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, वह देश की जनता के चौकीदार हैं और हमेशा चौकीदार ही रहेंगे

गोहपुर, (असम)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, वह देश की जनता के चौकीदार हैं और हमेशा चौकीदार ही रहेंगे। केंद्र सरकार ने पांच साल में पूरी ईमानदारी से देश के विकास की कोशिश की है। मगर अभी बहुत कुछ करना बाकी है। पुरानी सरकारों के सत्तर साल और हमारी सरकार के पांच साल की तुलना में तस्वीर शीशे की तरह साफ हो जाती है। उन्होंने असम की जनता से भाजपा को वोट देने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा, लोग चौकीदार के हाथों को मजबूत कर सशक्त भारत का निर्माण करें। प्रधानमंत्री ने गोहपुर की जनसभा में शनिवार को भाजपा का प्रचार करते हुए यह बात कही। यह जनसभा तेजपुर और लखीमपुर लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार क्रमशः पल्लव लोचन दास और प्रदान बरुवा के समर्थन में आयोजित की गई। वह डिब्रूगढ़ की जनसभा में हिस्सा लेने के बाद यहां पहुंचे।

प्रधानमंत्री ने मां कामाख्या का स्मरण करते हुए कहा है कि गोहपुर का यह मैदान छोटा पड़ रहा है। उन्होंने सबसे पहले गुरु शंकरदेव, गुरु माधवदेव, वीर लाचित और भारत रत्न डॉ भूपेन हजारिका को नमन किया। उन्होंने कहा, इस चौकीदार ने पूरी निष्ठा के साथ पांच साल तक देश की सेवा की है। प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से कहा, 11 अप्रैल को वोट डालने जरूर जाएं। पोलिंग बूथ पर यह बात जरूर याद रखें कि असम और भारत को आतंकवाद से मुक्त कराने के लिए वोट डालना है। मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, एक तरफ महामिलावट वाले परिवार हैं। यह लोग वोटों के लिए कुछ भी बोल सकते हैं। कांग्रेस का छल करने का लंबा इतिहास है। असम के लोग इनके फरेब में न फंसें। इसी जगह पर कनकलता ने आजादी का इतिहास रचा था। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, अब दुश्मन को उसके घर में घुसकर मारने की ताकत कहां से आई? उन्होंने कहा, यह ताकत आपके आशीर्वाद से मिली है।

कांग्रेस ने हर बार असम के लोगों का विश्वास तोड़ा है। अगर सरदार पटेल और गोपीनाथ बरदलै नहीं होते तो असम की वह पहचान नहीं होती, जो आज है। तेजपुर सहित देश का एक बड़ा हिस्सा सिर्फ और सिर्फ हमारे वीर सैनिकों और यहां के वीर लोगों के हौसले के दम पर ही बच पाया है। यह चौकीदार कांग्रेस की ऐतिहासिक भूलों को सुधारने का प्रयास कर रहा है। इससे कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश की आजादी और अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा, अब भारत बदल चुका है। पूरी दुनिया भारत के साथ है। लेकिन हमारे घर में ही महामिलावटी की जमात इसका विरोध कर रही है। मगर यह चौकीदार भ्रष्टाचारियों और दलालों से हिसाब लेकर ही रहेगा। केंद्र और असम को विकास का डबल इंजन मिल गया है। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में चल रही एनडीए की सरकार असम की आकांक्षाओं पर खरी उतरी है।

असम में गरीबों का पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त में सुनिश्चित हुआ है। गरीबों को पक्के घर मिल रहे हैं। गरीब बहनों को एलपीजी गैस कनेक्शन मिल रहे हैं। किसानों को साल में तीन बार बैंक खाते में सीधी मदद दी जा रही है। भाजपा के शीर्ष नेता ने कहा, चाय बागान में काम करने वाले साथियों के लिए ही चौकीदार ने ही पीएम श्रम योगी ग्राम धन योजना बनाई है। गांवों में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। ब्रह्मपुत्र पर पांच नए ब्रिज स्वीकृत हो चुके हैं। इसमें नुमलीगढ़ ब्रिज भी शामिल है। भूपेन हजारिका सेतु लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाएगा। तेजपुर में फोरलेन हाइवे और डबल लाइन का काम आखिरी चरण में है। उन्होंने कहा कि असम से प्रधानमंत्री भी हुए थे। मगर लोगों को याद नहीं है। महान संत लचित बरफुकान ने कहा था, देश से बड़ा मामा नहीं होता। मगर कांग्रेस में हर वो मामा देशहित से बड़ा है जो उनके काम में उनका साथ देता है। और कितने मामा आ गए। मिशेल मामा, पैत्रोदा मामा और न जाने कितने मामाओं की भरमार है। इनके लिए देश तक को दांव पर लगा दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा, पूर्वोत्तर में किसी भी कीमत पर घुसपैठ नहीं होने दी जाएगी। यहां की जनसभा के बाद प्रधानमंत्री मोरान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button