अजब-गजबअपराधउत्तर प्रदेशफीचर्ड

बदमाशों ने लूटपाट के दौरान दुल्हन को मार डाला

मेरठ : बीती देर रात दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर मुजफ्फरनगर की एक दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने लाखों के गहने और कार भी लूट ली। वारदात उस समय हुई, जब विवाह के बाद दूल्हा, दुल्हन को लेकर मुजफ्फरनगर लौट रहा था। बदमाश दो कारों में सवार थे। वारदात की सूचना पर एसएसपी मंजिल सैनी, एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी मौके पर पहुंचे। मुजफ्फरनगर के मिमलाना रोड निवासी शाहवेज पुत्र शमशाद की बरात शुक्रवार सुबह गाजियाबाद जिले के गांव नाहल में गई थी। बरात में गए ज्यादातर लोग शाम के समय वापस मुजफ्फरनगर लौट आए थे। देर रात करीब 11 बजे दूल्हा शाहवेज और दुल्हन महरोज परवीन उर्फ फरहाना स्विफ्ट कार से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। कार में दूल्हा शाहवेज के जीजा, बहन एवं दो साल का बच्चा भी था। उनकी कार दौराला थानाक्षेत्र के दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर गांव मटौर के पास पहुंची तो पीछे से आई दो कारों ने ओवरटेक किया। कार रुकने के बाद बदमाशों ने दुल्हन के सभी गहने उतरवा लिए। दुल्हन, उसके पति और अन्य लोगों से कैश और कार भी लूट ली।
विरोध करने पर आरोपियों ने पति पर गोली चला दी, लेकिन पत्‍‌नी के सामने आ जाने से उसके सीने में गोली लग गई। वारदात के बाद ड्राइवर ओमकार व अन्य ने घायल महिला को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि हाईवे पर एक दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। लूटपाट भी की गई है। घटना के खुलासे में क्राइम ब्रांच और दौराला थाना पुलिस को लगाया गया है। मृतक दुल्हन के पति शाहवेज ने पुलिस को बताया कि जिस समय उनके साथ लूटपाट हो रही थी। वह खूब चिल्लाए। उन्होंने कई वाहनों को हाथ का इशारा करके रोकने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। यदि किसी भी वाहन चालक ने हिम्मत दिखाई होती तो शायद आरोपितों को पकड़ा जा सकता था।

Related Articles

Back to top button