टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

बाढ़ में फंसे दो बच्चों के लिए ये पुलिसकर्मी बना ‘हनुमान’

गांधीनगर : गुजरात का मोरबी जिला इन दिनो भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है। जिले के कल्याणपुर गांव में बाढ़ का पानी 1.5 किमी तक भरा हुआ है। पुलिस और प्रशासन लोगों की मदद के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच, एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। एक पुलिसकर्मी द्वारा दो बच्चों को बाढ़ से बचाने का वीडियो सामने आया है, जिसमें गुजरात पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तौनात पृथ्वीराज जडेजा दो बच्चियों को कंधों पर बिठाकर बाढ़ से बचा रहे हैं। दरअसल, कल्याणपुर में एक स्कूल में पांच घंटे से भी अधिक समय तक हुई बारिश के कारण बच्चे स्कूल में फंस गए। करीब 43 बच्चे स्कूल में थे, जहां काफी पानी भरा हुआ था। जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस से सहायता मांगी। इसी पुलिस टीम का हिस्सा पृथ्वीराज जडेजा भी हैं। स्कूल ने आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम से भी मदद मांगी।

हालांकि पानी का बहाव इतना अधिक था कि एनडीआरएफ के लिए नाव से बच्चों को बचा पाना मुश्किल था, जिसके बाद बच्चों को बचाने की जिम्मेदारी गुजरात पुलिस ने संभाली और एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी बीच कांस्टेबल जडेजा ने स्कूल की इन दो छात्राओं को अपने कंधों पर बिठाकर डेढ़ किलोमीटर का सफर तय करते हुए बाढ़ के पानी से बाहर निकाला। गुजरात के पुलिस एडिश्नल डीजीपी शमशेर सिंह ने इसके बाद अपने ट्विटर पर जडेजा की बच्चों को बचाते हुए तस्वीर और वीडियो शेयर की। उन्होंने इस बहादुरी के काम के लिए जडेजा की सराहना भी की है। और लिखा है, “हमारे कंधे आपकी सुरक्षा”। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने भी बहादुरी के लिए पुलिस की प्रशंसा की है।

Related Articles

Back to top button