अन्तर्राष्ट्रीय

बोलिविया में पुलिस और सैनिकों की प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में 5 लोगों की मौत

बोलीविया में राष्ट्रपति के इस्तीफा देने के बाद जारी मौजूदा राजनीतिक संकट और गहरा गया है। सुरक्षा बलों ने देश के पूर्व राष्ट्रपति इवो मोरालेस के समर्थकों पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। सकाबा में मेक्सिको अस्पताल के निदेशक गुआदालबेर्टो लारा ने बताया कि कोचाबम्बा शहर के निकट सकाबा में घायल होने वाले अधिकतर लोगों को गोलियां लगी हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अपने 30 साल के करियर में ऐसी भयानक हिंसा नहीं देखी है।

मोरालेस ने देश में बढ़ते राजनीतिक और सैन्य दबाव के चलते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने मेक्सिको में शरण ले रखी है। उनके समर्थक उन्हें देश में वापस बुलाने की मांग कर रहे हैं। राजनीतिक संकट से गुजर रहे देश की कमान इस वक्त सांसद जीनिन अनेज के हाथ में है।

पूर्व राष्ट्रपति मोरालेस ने ट्वीट कर इसे नरसंहार बताया। उन्होंने अंतरिम राष्ट्रपति जीनिन अनेज के नेतृत्व वाली सरकार को तनाशाह बताते हुए कहा कि अब वे सकाबा में हमारे भाइयों की हत्या कर रहे हैं।

इससे पहले अनेज ने घोषणा की थी कि मोरालेस देश में होने वाले किसी भी चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे। साथ ही उन्होंने मोरालेस को समर्थन देने के लिए मेक्सिको सरकार की आलोचना की। अनेज की नयी अंतरिम सरकार को कुछ देशों ने मान्यता दी है लेकिन यह सरकार घरेलू स्तर पर संकटों में घिरी हुई है।

Related Articles

Back to top button