उत्तर प्रदेशफीचर्डराष्ट्रीय

भयंकर ठंड से कांपा उत्तर भारत, अकेले यूपी में 21 की मौत

winter-56a292129bd99_exlदस्तक टाइम्स ब्यूरो/ कुछ दिनों पहले सर्दी नहीं पड़ रही थी और अब पड़ने शुरू हुई तो लोगों की सांसे थमना शुरू हो गई है। ठंड की सिहरन से 21 लोगों की जान सिर्फ उत्तर प्रदेश में जा चुकी है। सर्दी का सितम शुक्रवार को भी जारी रहा। कौंधियारा ब्लाक में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग कोल्ड डायरिया की चपेट में आकर अस्पताल पहुंच गए। हालांकि, शुक्रवार दिन में सूरज निकलने से अधिकतम तापमान ऊपर चढ़ा है। अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार से 3.5 डिग्री से. से बढ़कर 17.7 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले 4.5 डिग्री गिरकर 6.3 डिग्री पर आ गया है।

कौंधियारा के रहने वाले राम सिंह पटेल (45) और अरुण कुमार गुप्ता (40) की मौत शुक्रवार को ठंड से हुई है। राम सिंह पटेल सब्जी की दुकान लगाता है। वह दुकान पर गया था। दोपहर में लौटा तो उसकी हालत खराब हो गई। घरवाले अस्पताल लेकर भागे, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। वहीं अरुण कुमार गुप्ता सुबह अपनी फसल देखने गया था। घर लौटा उसकी भी अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे उल्टियां होने लगीं। पेट में भयानक दर्द हुआ। उसे अस्पताल लेकर जाया गया, लेकिन उसे भी बचाया नहीं जा सका। ठंड की चपेट में आकर शुक्रवार को कई लोग कोल्ड डायरिया के शिकार भी हो गए।

देर से शुरू हुई हाड़ कंपाऊ ठंड दिनो दिन कहर बरपा रही है। 24 घंटे के दौरान ठंड लगने से बुंदेलखंड और सेंट्रल यूपी के नौ जिलों में 13 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में हमीरपुर, चित्रकूट, उरई, औरैया, उन्नाव व फतेहपुर के एक-एक, बांदा, महोबा के दो-दो और कन्नौज के तीन लोग हैं।  बांदा के अतर्रा और नरैनी क्षेत्र में शुक्रवार को ठंड ने दो किसानों की जान ले ली। एक किसान की मौत की खबर सुनकर उसके भाई को भी दिल का दौरा पड़ गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चित्रकूट में घूमने आए मथुरा के गोवर्धन थाना के सबला गांव के अधेड़ प्रापर्टी डीलर की नहाते समय ठंड लगने से मौत हो गई । हमीरपुर में पौथिया थाना के ललपुरा गांव में वृद्ध किसान की ठंड से मौत हो गई। महोबा के श्रीनगर और कबरई थाना क्षेत्र में दो बुजुर्ग महिलाओं की ठंड से मौत हुई। औरैया में दिबियापुर थाना क्षेत्र के जमौली गांव में वृद्ध किसान ठंड लगने से अकड़ गया। कन्नौज के चपुन्ना और गुगरापुर क्षेत्र में ठंड लगने से तीन किसानों की जान चली गई। उरई के मोहम्मदाबाद और उन्नाव के बीघापुर क्षेत्र में वृद्ध किसानों और फतेहपुर के हंसवा क्षेत्र में वृद्धा की ठंड ने जान ले ली।

ठंड में ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक की वजह से बीते 24 घंटों में चार महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई। कार्डियोलॉजी, हैलट, उर्सला ओपीडी के मेडिसिन विभाग में सात सौ से ज्यादा मरीज पहुंचे। 27 मरीजों को भर्ती किया गया। इनमें से पांच की हालत नाजुक बताई जा रही है। ब्रेन स्ट्रोक की वजह से हैलट के मेडिसिन विभाग में भर्ती मुन्नी देवी (50) की गुरुवार की रात मौत हो गई। इसी विभाग में भर्ती मरीज मीरा देवी (60), मिथलेश (70) और कामिनी (45) ने भी दम तोड़ दिया। मेडिसिन विभाग की डॉ. रिचा गिरी के अनुसार उक्त मरीजों को ठंड की वजह से ब्रेन स्ट्रोक आया था। दो दिन की जबर्दस्त ठंड से ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, दमा के मरीजों को दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने लोगों से हाड़ कंपाने वाली ठंड से बचने पर जोर दिया।

उधर, पनकी निवासी उमाशंकर (70) को शुक्रवार दोपहर को हार्ट अटैक पड़ा। हालत बिगड़ती देख दोपहर करीब ढाई बजे परिजन उन्हें कार्डियोलॉजी लाए। तब तक उनकी जीवनलीला समाप्त हो गई। कार्डियोलॉजी में ही गुरुवार रात कल्याणपुर निवासी सुशील तिवारी (65) की मौत हो गई। अस्पताल में शुक्रवार को डॉ. आरपीएस भरद्वाज की ओपीडी थी, जिसमें 527 मरीज आए। 21 मरीजों को कार्डियोलॉजी इमरजेंसी में भर्ती किया गया। अस्पताल के इंडोर वार्डों में 139 मरीज भर्ती हैं।

Related Articles

Back to top button