झारखण्डराज्य

भाजपा नेता की बेटी के साथ हैवानियत, गैंगरेप के बाद शव पेड़ से लटकाया, एक गिरफ्तार

रांची: झारखंड के पलामू में BJP नेता की बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां कुछ दरिंदों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। इन लड़कों ने पहले 16 साल की लड़की के साथ गैंगरेप किया फिर उसकी हत्या कर आंखें निकाल ली और शव को पेड़ से लटका दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता पलामू जिले के भाजपा नेता की बेटी है। पुलिस ने इस मामले में अब तक प्रदीप कुमार सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

मामला झारखंड के पांकी का है। यहां 7 जून के दिन पीड़िता सुबह 10 बजे घर से बाहर गई थी। काफी देर बाद जब वो वापस नहीं आई, तब घरवालों ने अगले दिन सोमवार को तलाशी शुरू की और पांकी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस भी लड़की की तलाश में लग गई। बुधवार के दिन पुलिस को लालीमाटी जंगल में पेड़ से लटका एक शव मिला। यह शव भाजपा नेता की बेटी का ही था।

पीड़िता के शव के साथ पुलिस को मौके से एक मोबाइल फोन भी मिला। इसी फोन के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी प्रदीप की गिरफ्तार कर लिया है। पांकी थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के परिजनों ने गुमशुदगी का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने छानबीन कर जंगल से शव बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लड़की की हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए उसका शव पेड़ से लटका दिया था।

पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। क्योंकि रिपोर्ट आने के बाद ही लड़की की मौत का कारण पता चलेगा और दुष्कर्म हुआ था या नहीं इस बात का भी खुलासा होगा। इस बीच लड़की के पिता का कहना है कि उनकी बेटी का सामूहिक दुष्कर्म हुआ था और बाद में उसकी आंख भी फोड़ दी गई। पीड़िता अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी तीन बहनें और एक छोटा भाई भी है।

Related Articles

Back to top button