भोपाल में 5 अगस्त से जुटेंगे ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि, संस्कृति मंत्रियों की अहम बैठक की तैयारियां तेज

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 5 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाली तृतीय ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप और ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और बेहतर समन्वय के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियों में जुट गया है।
कलेक्टर ने सुरक्षा, परिवहन, आवास, आतिथ्य, स्वच्छता, आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भोपाल और मध्यप्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। ऐसे में सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
5 से 8 अगस्त तक होंगे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम
कार्यक्रम के तहत 5 और 6 अगस्त को तृतीय ब्रिक्स कल्चर वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद 6 और 7 अगस्त को ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं 7 और 8 अगस्त को ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी, जिसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
संस्कृति और वैश्विक मुद्दों पर होगा मंथन
बैठकों के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रचनात्मक अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी, जलवायु परिवर्तन और संस्कृति जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा कलाकारों के कॉपीराइट संरक्षण, बौद्धिक संपदा अधिकार, औपनिवेशिक काल में विदेश ले जाई गई सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी तथा पर्यावरण संरक्षण में पारंपरिक ज्ञान की भूमिका जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगे इंतजाम
प्रशासन का लक्ष्य पूरे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सफल, सुव्यवस्थित और यादगार बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।



