पर्यटन

भारत के ये यूनिक होटल बना देंगे आपकी ट्रिप यादगार, कहीं झील के बीच ठहरेंगे तो कहीं पेड़ों की ऊंचाई पर मिलेगा लग्जरी अनुभव

नई दिल्ली: घूमने-फिरने के शौकीन लोग किसी भी यात्रा की योजना बनाते समय सबसे पहले ठहरने की जगह चुनते हैं। अगर होटल सिर्फ आरामदायक ही नहीं, बल्कि अपने अनोखे अनुभव के लिए भी मशहूर हो, तो पूरी यात्रा और भी खास बन जाती है। भारत में ऐसे कई होटल और रिसॉर्ट हैं, जहां ठहरना अपने आप में किसी रोमांचक सफर से कम नहीं है। कोई झील के बीच तैरता नजर आता है तो कोई घने जंगलों में पेड़ों की ऊंचाई पर बना हुआ है।

झील और नदी के बीच तैरते होटल का अनोखा अनुभव

उत्तराखंड के टिहरी में बने फ्लोटिंग होटल अपनी अलग पहचान रखते हैं। झील के बीच बने ये हट्स बाहर से पारंपरिक झोपड़ियों जैसे दिखते हैं, लेकिन अंदर आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस हैं। यहां वाई-फाई, टेलीविजन और वातानुकूलित कमरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कश्मीर की डल झील पर बने हाउसबोट भी पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। महल जैसी भव्य शैली में तैयार इन हाउसबोट्स में ठहरने पर कश्मीर की संस्कृति और पारंपरिक वास्तुकला का अनुभव मिलता है।

केरल के तिरुवनंतपुरम में स्थित एक रिसॉर्ट में 12 फ्लोटिंग कॉटेज बनाए गए हैं। स्थानीय वास्तुकला से प्रेरित इन कॉटेज की छप्परनुमा छत और शांत वातावरण पर्यटकों को खास अनुभव देते हैं।

वहीं, पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुगली नदी के किनारे जहाज की थीम पर तैयार होटल भी आकर्षण का केंद्र है। यहां ठहरने वाले मेहमानों को हावड़ा क्षेत्र के खूबसूरत नजारों का आनंद मिलता है।

पेड़ों की ऊंचाई पर लग्जरी ठहराव

मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ के जंगलों में बने ट्री हाउस प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी सपने से कम नहीं हैं। इनकी बालकनी से बैठे-बैठे जंगल और वन्यजीवों को करीब से देखा जा सकता है। आधुनिक सुविधाओं से लैस ये ट्री हाउस प्राकृतिक वातावरण के बीच आरामदायक प्रवास का अनुभव कराते हैं।

केरल के वायनाड के घने जंगलों में भी खूबसूरत ट्री हाउस रिसॉर्ट मौजूद हैं। यहां बने चार ट्री हाउस प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप तैयार किए गए हैं और यहां तक कालीकट हवाई अड्डे या रेलवे स्टेशन से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

राजस्थान की राजधानी जयपुर की सयारी घाटी में बना एक विशाल ट्री हाउस रिसॉर्ट भी अपनी अलग पहचान रखता है। इसे दुनिया के सबसे बड़े ट्री हाउस में शामिल किया जाता है। यहां से अरावली पर्वतमाला के मनमोहक दृश्य पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

जंगल के बीच बना ऐसा होटल, जिसे दुनिया में भी मिली खास पहचान

राजस्थान के पाली जिले के जंगलों के बीच स्थित एक अनोखा होटल दुनिया के 50 सबसे अलग और खास होटलों में अपनी जगह बना चुका है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह शहर की भीड़भाड़ से दूर प्राकृतिक वातावरण के बीच स्थित है। यहां ठहरने वाले मेहमानों के लिए दूध, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान स्थानीय ग्रामीण उपलब्ध कराते हैं। इससे पर्यटकों को स्थानीय जीवनशैली और जंगल के वातावरण को करीब से जानने का अवसर भी मिलता है।

Related Articles

Back to top button