अजब-गजबफीचर्डराजनीतिराष्ट्रीय

महाभारत काल से इंटरनेट का प्रयोग कर रहा है भारत, सैटेलाइट की थी सुविधा

अगरतला : त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने दावा किया कि इंटरनेट आधुनिक खोज नहीं है बल्कि इसका महाभारत काल से ही इस्तेमाल हो रहा है। गुवाहाटी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान देब ने कहा कि भारत युगों से इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि धृतराष्ट्र के सहयोगी संजय आखिर कैसे अपने राजा को कुरुक्षेत्र में हो रही लड़ाई का पूर्ण विवरण दे पा रहे थे? इसका मतलब है कि इंटरनेट उस समय था, सैटेलाइट और तकनीक भी उस समय देश में मौजूद थे तभी ये संभव हुआ। भाजपा नेता ने कहा कि यूरोपियन देश और अमेरिका ये दावा कर सकते हैं कि इंटरनेट उनका आविष्कार किया हुआ है लेकिन वास्तव में यह भारत की तकनीक है। उन्होंने कहा कि लाखों साल पहले भारत में इंटरनेट और सैटेलाइट अस्तित्व में था। यह भारत का सबसे रिच कल्चर है और इस पर मुझे गर्व है। सीएम बिप्लब देब ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को डिजिटल की दिशा में आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री ने फेसबुक, वॉट्सएप और ट्विटर को लोगों के बीच प्रचलित किया। इतना ही नहीं उनकी प्रेरणा से कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी अब सोशल मीडिया का यूज कर रहे हैं और सीधे लोगों से जुड़ते हैं।
श्री देब ने कहा कि आधुनिक युग में इंटरनेट और सॉफ्टवेयर तकनीक के मामले में हम आगे हैं। आप माइक्रोसॉफ्ट कंपनी को देख सकते हैं, यह भले ही अमेरिकी कंपनी हो लेकिन इसमें काम करने वाले अधिकतर इंजीनियर भारतीय हैं। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत काल से ही भारत तकनीक के क्षेत्र में शीर्ष पर था लेकिन किसी कारणवश मध्यकाल में यह सब खत्म हो गया। लेकिन फिर से भारत ने दुनियाभर में तकनीक के क्षेत्र में अपनी वही पहचान बना ली।

Related Articles

Back to top button