State News- राज्यUncategorizedहरियाणा

यमुनानगर में फंदे पर झूली 3 साल पहले ब्याही महिला, पिता के बयान पर दहेज हत्या का केस दर्ज

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर के पंजेटो गांव में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मामले में मृतका के पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना छप्पर के पिंजौरी गांव निवासी रणबीर सिंह ने थाना सदर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सबसे बड़ी लड़की प्रियंका की शादी सात मार्च 2018 को पंजेटो गांव निवासी रोहित के साथ की थी। शादी में उन्होंने बेटी को हर प्रकार का जरूरी सामान दिया था। कुछ दिन तक तो प्रियंका ससुराल में ठीक रही लेकिन इसके बाद प्रियंका का पति रोहित, सास माया देवी, ससुर जगदीश, जेठ रजनेश व ननद रज्जी उर्फ रजनी दहेज कम लाने के लिए उसे ताने मारने लगे। बेटी के साथ मारपीट की गई।

कई बार उन्होंने प्रियंका को घर से भी निकाल दिया। जिस कारण वह मायके में आ जाती थी। 28 अगस्त को प्रियंका ने बेटे भाविश को जन्म दिया। इसके एक माह बाद फिर से प्रियंका को परेशान किया जाने लगा। बेटी ने आपबीती कई बार उसे बताई। इस पर उसने ससुराल वालों से बात भी की। लेकिन सुसराल वाले उसे तंग व परेशान करते रहे। वह उस पर मायके से एक लाख रुपये लाने के दबाव बनाते थे।

15 दिन पहले ही प्रियंका ने उसे फोन करके बताया था कि ससुराल वाले अब उसे बहुत ज्यादा प्रताड़ित करने लगे हैं। वह उसे मारने की धमकियां देते हैं। यह सुनकर वह अपनी पत्नी के साथ पंजेटो गया था। जहां पर उन्होंने बेटी को समझाया कि वह कोई गलत कदम मत उठाना जिससे उनकी इज्जत खराब हो।

रणबीर ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे प्रियंका की ससुराल से उसके पास फोन आया कि प्रियंका की तबीयत खराब हो गई है। सूचना मिलते ही वह पत्नी ममतेश, चाचा प्रेम चंद व भाई जसविंद्र सिंह के साथ पंजेटो पहुंचा। वहां देखा कि प्रियंका के गले में रस्सी के निशान पड़े थे। वह घर में मृत पड़ी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका को उसके पति रोहित, जेठ रजनेश, ससुर जगदीश, सास माया देवी, रज्जी उर्फ रजनी ने दहेज के लिए प्रियंका को गला घोट कर मार दिया। वहीं हो सकता है कि ससुराल वालों से तंग आकर उसने आत्महत्या की हो। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

जांच अधिकारी एएसआई कंवल सिंह ने बताया कि उन्हें पंजेटो में विवाहिता के फंदा लगाकर सुसाइड करने की सूचना मिली थी। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतका के मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मामले में मृतका के पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Back to top button