स्पोर्ट्स

रांची पहुंचे धोनी परिवार से बातचीत के बाद कर सकते हैं संन्यास को लेकर बड़ा एलान

संन्यास की चर्चाओं के बीच पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार की रात अपने गृह शहर रांची पहुंचे। रात में अचानक उनके घर पहुंचने से उनके माता पिता भी चौंक गए। पूरा देश माही के क्रिकेट खेलने के भविष्य के उधेड़बुन में लगा हुआ है। फैंस ये जानने को बेकरार हैं कि धोनी अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच कब खेलेंगे? क्या वह वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के साथ जाएंगे।

धोनी नई दिल्ली से विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट से पत्नी साक्षी व बेटी जीवा के साथ लौटे हैं। रात में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भीड़ नहीं होने के कारण एमएस ने वहां कुछ प्रशंसकों के साथ फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद वह सिमलिया स्थित अपने घर निकल गए। माना जा रहा है कि अपने माता पिता से बात कर अपने भविष्य का फैसला करेंगे। आईपीएल शुरू होने के बाद से धोनी सिर्फ दो बार रांची एक-एक दिन के लिए ही आए थे।

पहली बार वह मां दुर्गा के देवड़ी मंदिर में पूजा करने आए थे, जबकि दूसरी बार लोकसभा चुनाव के दौरान वोट देने के लिए वह अपने शहर पहुंचे थे। माना जा रहा है कि धोनी अभी कुछ दिन रांची में ही रहकर अपने भविष्य की योजनाओं पर अपनों के बीच चर्चा करेंगे।

इसी बीच खबर आई है कि मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद धोनी के भविष्य के बारे में 21 जुलाई को खुलासा कर सकते हैं, इस दिन वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम का एलान होगा। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक टीम के चयन से पहले एमएसके प्रसाद धोनी से बात कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने गुरुवार शाम तक उनसे बात नहीं की थी।

Related Articles

Back to top button