फीचर्डराष्ट्रीय

राजनाथ ने भरी हुंकार, चीन को खुले तौर पर दी चेतावनी

नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दुश्मनों को खुले तौर से चेतावनी दी है। आईटीबीपी के कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा, ‘दुनिया में कौन सी ताकत है जो भारत की ओर आंखें उठाकर देखेगा। हमारे जवानों में हिम्मती हैं, इनके रहते दुनिया की कोई ताकत आंखें नहीं उठा सकता है।’ उन्होंने भारत और चीन के बीच जारी डोकलाम विवाद पर भी अपनी बात रखी. कहा-‘डोकलाम में भारत और चीन मिलकर समाधान निकालेंगे. हमने कभी आक्रमण नहीं किया है। हमारे जवान देश की सुरक्षा की खातिर दमखम दिखाते हैं.’ गृहमंत्री ने कहा कि वह सभी पड़ोसी देशों को यह संदेश देना चाहते हैं कि भारत शांति चाहता है। उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि भारतीय सुरक्षा बल देश की सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है। सिंह ने कहा, “हमारे सुरक्षा बलों के पास भारतीय सीमाओं की रक्षा करने की पूरी ताकत है।” आईटीबीपी जम्मू कश्मीर से अरूणाचल प्रदेश तक 4,057 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की रक्षा करता है।

भारतीय बलों ने सिक्किम सेक्टर के डोकलाम क्षेत्र में चीनी बलों को सड़क निर्माण करने से रोक दिया था, जिसके बाद से भारत एवं चीन के बीच वहां गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। चीन ने दावा किया है कि वह अपने क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर रहा था। वह विवादित डोकलाम क्षेत्र से भारतीय बलों को वापस बुलाए जाने की मांग कर रहा है। भूटान का कहना है कि डोकलाम उसका हिस्सा है लेकिन चीन इस क्षेत्र पर अपना दावा करता है। डोकलाम से भारतीय बलों की तत्काल वापसी की मांग करते हुए चीन पिछले कुछ सप्ताह से भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहा है। खासकर चीनी सरकारी मीडिया ने कई लेखों में डोकलाम गतिरोध को लेकर भारत की निंदा की है।

Related Articles

Back to top button