छत्तीसगढ़राज्य

राष्ट्रपति भवन में गूंजेगी बस्तर की कला, कोंडागांव के 38 शिल्पकारों को द्रौपदी मुर्मू से मिलने का न्योता

कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। जिले के ग्राम किकिरदापारा के 38 शिल्पकारों को राष्ट्रपति भवन की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात का आमंत्रण मिला है। यह मुलाकात 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे राष्ट्रपति भवन में होगी। इस दौरान कलाकार अपनी पारंपरिक कारीगरी और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्पकला के अनुभव राष्ट्रपति के साथ साझा करेंगे।

इस आयोजन में पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 51 शिल्पकार शामिल होंगे, जिनमें अकेले कोंडागांव के 38 कलाकार हैं। आमंत्रण मिलने के बाद जिले के शिल्पकारों में खुशी और उत्साह का माहौल है। इसे वे अपनी कला के साथ-साथ बस्तर की सांस्कृतिक विरासत के सम्मान के रूप में देख रहे हैं।

दिल्ली प्रवास के लिए की जा रही विशेष व्यवस्था

राष्ट्रपति भवन में होने वाली मुलाकात को लेकर शिल्पकारों के दिल्ली प्रवास की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से उनके भोजन, ठहरने और स्थानीय आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस विशेष आयोजन की तैयारियों में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, अहमदाबाद भी सहयोग कर रहा है।

शिल्पकार तिजूराम विश्वकर्मा ने कहा कि कोंडागांव के कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है।

वहीं, सागर विश्वकर्मा ने कहा कि उनकी कलाकृति का चयन होना और राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उनके मुताबिक, यह सम्मान पारंपरिक कला और कारीगरी को पहचान दिलाने वाला है।

शिल्पकार राजमनी ने भी इस मुलाकात को अपने जीवन का यादगार पल बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का अवसर मिल रहा है और वह इसे लेकर काफी उत्साहित हैं।

बेलमेटल और लौह शिल्प से दुनिया में पहचान

कोंडागांव की बेलमेटल और लौह शिल्पकला बस्तर की आदिवासी संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का अहम हिस्सा है। यहां के कारीगर धातु को आकार देकर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और जनजातीय जीवन से जुड़ी आकर्षक आकृतियां तैयार करते हैं।

अपनी अनूठी कला और पारंपरिक तकनीक के दम पर कोंडागांव के शिल्पकारों ने देश के साथ-साथ विदेशों में भी पहचान बनाई है। अब राष्ट्रपति भवन में होने वाली यह मुलाकात उन्हें अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देगी।

यह आमंत्रण केवल 38 कलाकारों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि बस्तर की उस शिल्प परंपरा को मिली पहचान है, जिसे कई पीढ़ियों के कारीगरों ने अपने हुनर और मेहनत से आगे बढ़ाया है।

Related Articles

Back to top button