दिल्लीराज्य

दिल्ली ने प्रदूषण में लाहौर को भी पछाड़ा, दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना राजधानी

नई दिल्ली: दिवाली के बाद से दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार को राजधानी की हवा बेहद जहरीली हो गई और दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 दर्ज किया गया। इस स्तर पर हवा में सांस लेना सेहत के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। प्रदूषण के साथ घनी धुंध और धुएं की चादर छाने से दृश्यता भी काफी कम हो गई।

स्विस संस्था IQAir के आंकड़ों में भी दिल्ली सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शीर्ष पर रही। IQAir के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 334 दर्ज किया गया। भारतीय और स्विस एजेंसियों के आंकड़ों में अंतर की वजह दोनों के वायु गुणवत्ता मापने के अलग-अलग तरीके हैं। सीपीसीबी के आंकड़े जहां एक्यूआई 403 बता रहे थे, वहीं IQAir ने इसे 334 दर्ज किया।

इन इलाकों में सबसे जहरीली रही हवा

सीपीसीबी के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर दिल्ली का एक्यूआई 403 था। सुबह 8 और 9 बजे भी प्रदूषण का स्तर इसी श्रेणी में बना रहा। सुबह 8 बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 33 पर वायु गुणवत्ता गंभीर, 24 पर बेहद खराब और एक केंद्र पर मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।

राजधानी में सबसे खराब स्थिति आईआईटी दिल्ली की रही, जहां एक्यूआई 488 तक पहुंच गया। चांदनी चौक में 479 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478 दर्ज किया गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में एक्यूआई 456, जबकि आईटीओ और जेएनयू में 451 रहा।

इसके अलावा जहांगीरपुरी में 430, वजीरपुर में 427, आनंद विहार में 419, रोहिणी में 413, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 403 और टिकरी कलां में 402 एक्यूआई दर्ज किया गया। सुबह 6 बजकर 5 मिनट के आंकड़ों में भी आईआईटी दिल्ली का एक्यूआई 487 रहा। नॉर्थ कैंपस और चांदनी चौक में यह 476, पूसा में 468 और एनएसयूटी जाफरपुर में 461 दर्ज किया गया।

घनी धुंध के कारण शहर के कई हिस्सों में दृश्यता प्रभावित हुई। इससे पहले इस साल 19 जनवरी को दिल्ली की वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंची थी। उस दिन 24 घंटे का औसत एक्यूआई 410 दर्ज किया गया था।

दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप का तीसरा चरण लागू

प्रदूषण की स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने 6 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू कर दिया था। इस चरण के तहत प्रदूषण बढ़ाने वाली कई गतिविधियों पर सख्ती की गई है।

नियमों के मुताबिक, धूल पैदा करने वाली निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही पत्थर तोड़ने वाली इकाइयों और खनन गतिविधियों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ श्रेणियों के वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर जैसे अधिक वाहन घनत्व वाले जिलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल या इससे पुराने हल्के मोटर वाहनों के संचालन पर रोक है। वहीं, बीएस-4 और इससे पुराने कुछ श्रेणियों के डीजल मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई है।

अगर दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 450 से ऊपर पहुंचकर गंभीर प्लस श्रेणी में आता है, तो ग्रैप का चौथा चरण लागू किया जाता है। यह प्रदूषण नियंत्रण के लिए सबसे सख्त कार्रवाई वाला चरण है।

सामान्य से अधिक रहा न्यूनतम तापमान

प्रदूषण के बीच शुक्रवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा।

Related Articles

Back to top button