बिहारराज्य

छठ महापर्व पर बिहार में सुरक्षा का बड़ा इंतजाम, निजी नाव और पटाखों पर रोक; 500 मेडिकल कैंप तैयार, ये नंबर आएंगे काम

पटना: छठ महापर्व को लेकर बिहार सरकार और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक अगले चार दिनों के लिए घाटों पर निजी नावों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर भी प्रतिबंध रहेगा। राज्य के सभी 38 जिलों में 500 से अधिक मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय ने आपात स्थिति से निपटने के लिए डीजीपी कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

निजी नावों पर प्रतिबंध, घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, नदी और तालाबों के घाटों पर सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गोताखोर, मोटरबोट और लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन घाटों को खतरनाक माना गया है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे स्थानों पर पुलिसकर्मियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों और स्वयंसेवकों की भी तैनाती होगी।

श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे। पटना के जिलाधिकारी ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी आदेश जारी किए हैं।

भीड़ और यातायात संभालने के लिए विशेष व्यवस्था

छठ के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। घाटों के प्रवेश और निकास द्वार पर बैरिकेडिंग के साथ निगरानी की व्यवस्था रहेगी।

स्थानीय प्रशासन और छठ पूजा समितियों के सहयोग से सुरक्षा इंतजाम लागू किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था के तहत वैकल्पिक रास्ते, वाहनों के प्रतिबंध, पार्किंग स्थल और भीड़ वाले मार्गों की पहचान की गई है। इसके अलावा माइकिंग के जरिए श्रद्धालुओं को लगातार जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी।

24 घंटे अलर्ट रहेगी क्विक रिस्पॉन्स टीम

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया है।

क्विक रिस्पॉन्स टीम को पूरे पर्व के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति, अचानक बढ़ती भीड़ या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट ने भी सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए हैं। उनके मुताबिक, घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें नाव, लाइफ जैकेट और प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ तैनात रहेंगी।

बिजली से जुड़ी शिकायत के लिए 1912 पर करें कॉल

छठ महापर्व के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऊर्जा विभाग ने भी तैयारियां की हैं। ऊर्जा विभाग के सचिव अजय कुमार ने बिजली कंपनियों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ऊर्जा सचिव ने घाटों को बिजली आपूर्ति करने वाले विद्युत शक्ति उपकेंद्र एनआईटी का स्थलीय निरीक्षण भी किया। प्रशासन ने बिजली से संबंधित किसी भी समस्या या आपात सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 1912 जारी किया है।

38 जिलों में 500 से अधिक मेडिकल कैंप, डॉक्टरों की तैनाती

छठ के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बिहार के सभी 38 जिलों में जिला प्रशासन की निगरानी में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रखंड स्तर पर मेडिकल टीमों का गठन किया गया है।

सिविल सर्जनों के निर्देश पर प्रमुख और संवेदनशील घाटों को चिह्नित कर लिया गया है। यहां रोस्टर के मुताबिक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। मेडिकल कैंपों में जरूरी दवाओं और उपचार संबंधी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों में आपात स्थिति के लिए बेड आरक्षित

स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों को भी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। जिला अस्पतालों में 15-15 बेड और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 35-35 बेड आपात स्थिति में आने वाले मरीजों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।

इसके साथ ही राज्य स्तरीय स्वास्थ्य कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से सभी जिलों में तैनात मेडिकल टीमों और स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी की जाएगी। सेंटर में एक वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने छठ की तैयारियों के मद्देनजर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां 17 नवंबर तक रद्द कर दी हैं।

आपात स्थिति में नोट कर लें ये हेल्पलाइन नंबर

छठ महापर्व के दौरान किसी भी तरह की आपात स्थिति में श्रद्धालु पुलिस मुख्यालय के डीजीपी कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।

डीजीपी कंट्रोल रूम के नंबर:

0612-2294318

0612-2294319

0612-2294323

बिजली से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button