National News - राष्ट्रीयState News- राज्यफीचर्ड

राहुल के करीबियों को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी

sanjay_rahulनई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की नाराजगी का असर कांग्रेस संगठन पर दिखने लगा है। पार्टी ने सोमवार फेरबदल करते हुए पांच प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए। राहुल के करीबी अजय माकन को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि महाराष्ट्र में अशोक चव्हाण, जम्मू कश्मीर में गुलाम अहमद मीर, गुजरात में भरत सिंह सोलंकी और तेलंगाना में उत्तम रेड्डी को पार्टी की कमान सौंपी गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के सचिव संजय निरूपम को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति का प्रमुख बनाया गया है। पार्टी में यह बदलाव अगले महीने होने वाले अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सत्र से पहले किया गया है। पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पांच नए प्रदेश अध्यक्ष और एक क्षेत्रीय कांग्रेस समिति अध्यक्ष की नियुक्ति की है। इसके अतिरिक्त, विधायक मल्लू भाटी विर्कमार्का को तेलंगाना के लिए कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, इन राज्यों में बदलाव काफी समय से लंबित था और राहुल गांधी खास तौर पर इन राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति चाहते थे। इसके अलावा पार्टी ने एआईसीसी महासचिव बीके हरिप्रसाद और एआईसीसी सचिव मैनुल हक को जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुनने के लिए होने वाली बैठक का पर्यवेक्षक एवं सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

Related Articles

Back to top button