National News - राष्ट्रीयफीचर्ड

राहुल गांधी ने यूपी के सीएम अखिलेश यादव को बताया ‘ठीक लड़का’

लखनऊ: कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष 46 वर्षीय राहुल गांधी ने लखनऊ में आयोजित एक रैली में यूपी के 43 वर्षीय मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ‘ठीक लड़का’ बताया।

rahul-gandhi_650x400_81468323015राहुल ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत की, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘यहां के युवा मुख्यमंत्री को देखिये। अखिलेश ठीक लड़का है, लेकिन उनकी सरकार काम नहीं कर रही।’

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मुकाबला समाजवादी पार्टी के साथ-साथ मायावती की बहुजन समाज पार्टी के साथ भी है, तो ऐसे में यहां राहुल के निशाने पर दोनों ही पार्टियां रहीं। रैली में उन्होंने कहा, ‘एक सरकार में गुडों का बोलबाला है, तो दूसरे में भ्रष्टाचार का। एक में गुंडे आपकी फैक्टरी के बाहर आ जाएंगे, तो दूसरे में आपको बीएसपी के हाथी का पेट भरना होगा।’

‘मिशन-2017’ के लिए कांग्रेस की नई टीम के गठन के बाद पहली बार लखनऊ आए राहुल ने ‘यूपी उद्घोष’ कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के सवालों के जवाब भी दिए और उत्तर प्रदेश में पार्टी को एक बार फिर सत्ता में वापस लाने के लिए अपनी शक्ति पहचानने का आहवान किया।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को यूपी में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर राहुल ने कहा कि सोच आयु से ज्यादा जरूरी चीज होती है। शीला में व्यापक अनुभव है, उन्होंने दिल्ली में तीन बार राज किया और उसे बदल दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोग अपनी गलती पर पछता रहे हैं। वे कहते हैं कि पहले काम होता था, अब सिर्फ ड्रामा और बयानबाजी होती है। विधायक जेल जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘लोग कहते है कि पहले की सरकार काम करती थी, अब ड्रामा करती है… विधायक जेल जा रहे हैं… यह ठीक है कि युवा ज्यादा उर्जावान होते है मगर अनुभव भी जरूरी है।’

राहुल ने अपने संबोधन में कहा ‘हम विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल करने और अपना मुख्यमंत्री बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। आपको पता होना चाहिए कि राज्य में बीते 27 साल में क्या हुआ जब विभिन्न दलों ने केवल राज्य को विभाजित कराया।’

राहुल ने यह भी कहा कि लोगों के मन में एक दूसरे के प्रति भरी नाराजगी को दूर करने के उद्देश्य से कांग्रेस उत्तर प्रदेश के चुनावों के लिए अपनी रणनीति बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य के चुनावों में टिकट वितरण में महिलाओं और युवकों को प्राथमिकता देगी। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Related Articles

Back to top button