दिल्लीराष्ट्रीय

रोहिणी में हुक्का बार संचालक की गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली: रोहिणी जिले के केएन काटजू मार्ग इलाके में शुक्रवार देर शाम एक गैंगवार में हुक्का बार संचालक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने वारदात के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। जिसमे तीन फुटेज में संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।

डीसीपी रजनीश गुप्ता के अनुसार मृतक की पहचान अनिल उर्फ बंटू के रूप में हुई है। वह घेवरा का रहने वाला था। उस पर अपराधिक केस भी दर्ज हैं। शुक्रवार शाम पीसीआर को केइन काटजू मार्ग इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। अनिल को खून से लथपथ हालात में शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात की जगह से करीब 13 कारतूस के खोल बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अनिल की जिस तरह से हत्या हुई है, वह गैंगवार का नतीजा हो सकता है। उसकी हत्या के पीछे बबलू खेड़ा के साथी हो सकते हैं।

बबलू को 31 जुलाई की शाम को अशोक विहार इलाके में गोली मारी गई थी। घटना के वक्त वह अपने वकील से मिलकर घर जाने के लिए अपनी कार में बैठ रहा था। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसे गोली मारी थी। उसमें उसका साथी बच गया था, लेकिन बबलू की मौत हो गई थी। वारदात में दिल्ली पुलिस ने परवेज खान नाम के बदमाश को गिरफ्तार किया था। परवेज का अनिल रिश्तेदार है, जो उसके जाने के बाद उसका रेस्टोरेंट और हुक्का बार चला रहा है। जिस तरह से अनिल की हत्या हुई है उससे लगता है कि बदमाश पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। बदमाश बाइक पर आए थे। उनकी संख्या दो थी।

Related Articles

Back to top button