टॉप न्यूज़फीचर्डराष्ट्रीय

विधानसभा उपचुनाव: एनडीए के खाते में 12 में से 7 सीटें, PM मोदी ने कहा, यह विकास की राजनीति की जीत

103595-modi11दस्तक टाइम्स एजेंसी/ नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि कई राज्यों में हुए उप चुनावों में भाजपा एवं उसके सहयोगियों की जीत से पता चलता है कि लोगों ने ‘विकास की राजनीति’ में विश्वास प्रकट किया है। उपचुनाव के नतीजे सामने आने के बाद उन्होंने ट्वीट किया कि यह राजग का ‘सराहनीय प्रयास’ है।

 मोदी ने कहा, देश के उत्तरी, दक्षिणी, पूर्वी, पश्चिमी और मध्य हिस्सों में भाजपा एवं उसके सहयोगियों की जीत से खुश हूं। मैं लोगों का आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा, राजग की ओर से सराहनीय प्रयास है। भारत के लोगों ने विकास, विकास और विकास की राजनीति में विश्वास प्रकट किया है। सबका साथ, सबका विकास। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों में से एक पर जीत दर्ज की। सपा एवं कांग्रेस को एक-एक सीटें मिलीं। बिहार में एक सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी की जीत हुई। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब और तेलंगाना में क्रमश: भाजपा, शिवसेना, अकाली दल और टीआरएस ने जीत दर्ज की।

कर्नाटक में विधानसभा की तीन सीटों के लिए हुए उपचुनाव में विपक्षी भाजपा को दो सीटों पर कामयाबी मिली वहीं सत्तारूढ़ कांग्रेस को सिर्फ एक सीट से ही संतोष करना पड़ा। इन नतीजों को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के लिए झटका माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस ने इन सीटों पर भाजपा को शिकस्त देने के लिए काफी परिश्रम किया था। भाजपा ने बेंगलुरू की हेब्बल सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा और देवदुर्ग सीट कांग्रेस से छीन ली वहीं कांग्रेस ने उत्तरी कर्नाटक में बीदर सीट अपनी प्रतिद्वंद्वी पार्टी से छीन ली।

हेब्बल सीट को कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा था क्योंकि इस सीट पर पार्टी ने पूर्व रेल मंत्री सी के जाफर शरीफ के पौत्र सी के अब्दुल रहमान शरीफ को उम्मीदवार बनाया था। भाजपा के वाई ए नारायण स्वामी ने उन्हें 19,149 मतों से पराजित किया। शरीफ को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की इच्छा के खिलाफ आखिरी क्षणों में उम्मीदवार बनाया गया था। मुख्यमंत्री मौजूदा एमएलसी बी सुरेश को उम्मीदवार बनाए जाने के पक्ष में थे। बीदर में कांग्रेस के रहीम खान ने भाजपा उम्मीदवार प्रकाश खंडारे को 22,721 मतों से पराजित किया। देवदुर्ग में भाजपा उम्मीदवार के एस गौड़ नायक ने कांग्रेस प्रत्याशी ए राजशेखर नायक को 16,871 मतों से पराजित किया।

बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन को भी उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा और हरलाखी विधानसभा सीट पर केन्द्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा नीत आरएलएसपी प्रत्याशी सुधांशु शेखर ने कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद साबिर को 18,650 मतों से पराजित किया। जारी

मध्यप्रदेश की मेहर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा के नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस को करारा झटका देते हुए 27,544 मतों के अंतर से विजय हासिल की। त्रिपाठी को 82,703 मत हासिल हुए जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मनीष पटेल को 55,159 मत मिले। कांग्रेस को इस सीट पर यह दूसरा झटका है। इससे पहले नारायण त्रिपाठी ने वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर यहां से विजय हासिल की थी। वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान वह कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गये। उनके इस्तीफे के कारण ही यहां उपचुनाव कराना पड़ा।

इस उपचुनाव में जीत से भाजपा का मनोबल बढ़ा है क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भाजपा मध्यप्रदेश की झाबुआ-रतलाम संसदीय उपचुनाव में भी हार गई थी। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल शिवसेना ने पालघर सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। उसके उम्मीदवार अमित घोडा ने कांग्रेस के राजेंद्र गावित को 18,948 वोटों से पराजित किया।

पंजाब में, सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने खडूर साहिब विधानसभा सीट पर जीत हासिल की। पार्टी प्रत्याशी रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी भूपिंदर सिंह को 65,664 मतों से पराजित किया। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने चुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे।

तेलंगाना में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए सत्तारूढ़ टीआरएस ने कांग्रेस से मेडक जिले की नारायणखेड़ विधानसभा सीट छीन ली। टीआरएस उम्मीदवार भूपाल रेड्डी को 93,076 मत मिले और उन्होंने 53,625 मतों से जीत दर्ज की। कांग्रेस उम्मीदवार पी संजीव रेड्डी को 39,451 मत मिले जबकि तेदेपा के एम विजयपाल रेड्डी केवल 14,787 वोट जुटा सके।

त्रिपुरा में सत्तारूढ़ माकपा ने गोमती जिले की बीरगंज सीट के लिए हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की। पार्टी प्रत्याशी परिमल देबनाथ ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 10,597 मतों के अंतर से शिकस्त दी। देबनाथ को 20,355 मत मिले जबकि भाजपा के रंजीत दास को 9,758 मत हासिल हुये। कांग्रेस प्रत्याशी चंचल डे को केवल 1,231 मत मिले और उनकी जमानत जब्त हो गयी।

Related Articles

Back to top button