ब्रेकिंगराज्य

शादी के लिए प्रेमी के घर डाला डेरा, जल्द पूरे होंगे सात फेरे


पटना : बिहार के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हकीमाबाद गांव में रविवार सुबह एक युवती ने शादी से इनकार करने पर अपने प्रेमी के घर डेरा डाल दिया। बाद में गांव की पंचायत में दोनों की 15 दिनों में शादी करने पर सहमति बनी। तब जाकर लड़की प्रेमी का घर छोड़कर अपने घर गई। बताया गया कि विशनपुर गांव के मो. नुरुल्लाह की दो पुत्री और हकीमाबाद के मो. जाकिर व मो. कमरुल के लड़के के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। बात शादी तक पहुंची। दोनों बहनों ने दोनों लड़कों के परिजनों से बात की तो कमरुल अपने लड़के की शादी के लिये तैयार हो गया। लेकिन मो. जाकिर ने शादी से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज लड़की रविवार को मो. जाकिर के घर जाकर डेरा डालकर बैठ गई।

गांव के मुखिया मुकेश कुमार व अन्य लोगों ने लड़की को समझाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। गांव व परिजनों की पंचायत लगी। पंचायत के बाद मो. जाकिर ने भी अपने बेटे की शादी के लिए हामी भर दी। पंचों ने शादी के लिए 15 दिनों का समय तय कर दिया है और लड़की को उसके घर वापस भेज दिया। हकीमाबाद पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार ने बताया पंचों ने फैसला कर दिया है। दोनों बालिग हैं और 15 दिनों में दोनों बहनों की शादी इस्लामिक रीति-रिवाज से की जाएगी।

Related Articles

Back to top button