राष्ट्रीय

शिमला और कुफरी में फिर हिमपात

शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला एक बार फिर बर्फ से लकदक हो गई है। रात से खराब चल रहे मौसम के बीच शुक्रवार सुबह से शिमला में बर्फबारी जारी है। पूरा शहर बर्फ की सफेद चद्दर में लिपट गया है| यहां घूमने आए पर्यटक इसका खूब आनंद ले रहे हैं। शिमला के निकटवर्ती पर्यटक स्थलों कुफरी, फागु व नारकंडा में भारी बर्फ गिर रही है, वहां पर बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शिमला में छह और कुफरी में 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। पिछले दिनों हुए व्यापक हिमपात से शिमला में हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं कि ताजा हिमपात ने लोगों को फिर आफत में डाल दिया है| इससे कई सड़कों पर यातायात ठप पड़ गया है। पिछले चार दिन से ऊपरी शिमला का राज्य मुख्यालय से सम्पर्क कटा हुआ है। हिन्दुस्तान-तिब्बत राष्ट्रीय राजमार्ग बीते सोमवार रात से अवरुद्ध है। ऊपरी शिमला को राजधानी से जोड़ने वाला यह राजमार्ग बर्फ से ढंका हुआ है। यहां बार-बार हो रही बर्फबारी से सड़क बहाली प्रभावित हो रही है। एक हफ्ते के भीतर शिमला में दूसरी बार हिमपात हुआ है। इससे पूर्व 12 जनवरी को भारी हिमपात हुआ था। तब डेढ़ फुट बर्फबारी से जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था और ऊपरी इलाकों का सम्पर्क राजधानी से कट गया था। जिले भर में एक नेशनल हाईवे समेत करीब 300 से अधिक सड़कें अब भी अवरुद्ध हैं। ताजा हिमपात से सड़कें बहाली के लोक निर्माण विभाग की कोशिशों को भी झटका लगा है। बर्फबारी के बीच यातायात बहाली के सारे काम ठप पड़ गए हैं। बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला के कई गांवों में बिजली गुल है। बसों की आवाजाही प्रभावित होने व रास्तों में बर्फ के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। मौसम के इन कड़े तेवरों से शिमला में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है| तापमान माइनस में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बर्फबारी का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 27 जनवरी से 29 जनवरी तक मौसम के साफ रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button