राष्ट्रीय

हरिद्वार: बसपा बना सबसे बड़ा दल, ‘किंगमेकर’ होंगे निर्दल

हरिद्वार जिला पंचायत की अंतिम तीन सीटों के परिणाम भी बृहस्पतिवार को घोषित कर दिए गए। कुल 47 सीटों में acr468-568d7c6ebdd68panchayat-chunav7से बसपा 15 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। हालांकि, निर्दलीय प्रत्याशी सबसे ज्यादा 18 सीटें जीतकर किंग मेकर की भूमिका में हैं। वहीं, कांग्रेस के खाते में 11 सीटें आईं, जबकि भाजपा को महज तीन सीटों से संतोष करना पड़ा।

बुधवार देर रात तक जिला पंचायत की 44 सीटों का परिणाम घोषित कर दिया गया था, जबकि शेष तीन सीटों पर रातभर चली मतगणना के बाद बृहस्पतिवार को स्थिति साफ हो पाई। बृहस्पतिवार के अंक में त्रुटि से कांग्रेस की सीटों की संख्या 14 प्रकाशित हो गई थी, जबकि कांग्रेस को 11 सीटें मिली हैं।

परिणाम साफ होने के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की रणनीति तैयार की जाने लगी है। अध्यक्ष की कुर्सी कब्जाने के लिए कांग्रेस और बसपा की नजर अब निर्दलीय प्रत्याशियों पर है।

बहादराबाद ब्लॉक में कांग्रेस को पांच, बसपा को चार, भाजपा को एक और निर्दलियों को दो सीटें मिली। रुड़की ब्लॉक में कांग्रेस को एक, बसपा को दो, निर्दलियों को छह सीटें मिली हैं। नारसन विकास खंड में कांग्रेस और बसपा को दो-दो, भाजपा को एक तथा निर्दलियों को चार सीटें मिलीं।

लक्सर में कांग्रेस तथा भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। बसपा को चार तथा निर्दलियों को तीन सीटें मिली। खानपुर की दो सीटों में से एक कांग्रेस तथा एक निर्दलीय के खाते में आई। जबकि भगवानपुर ब्लॉक में कांग्रेस को दो, बसपा को तीन, भाजपा को एक तथा निर्दलियों को दो सीटें मिली।

बसपा और कांग्रेस के नेता निर्दलियों में भी सबसे ज्यादा अपने कार्यकर्ताओं के जीतने का दावा कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी हरबंस सिंह चुघ और एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने बताया कि मतगणना पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई है।

पंचायत चुनाव में बसपा भले ही आगे निकलती दिखी हो लेकिन कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समीकरण अपने पक्ष में होने का दावा कर रही है।

कांग्रेस का कहना है कि उनके पास जिला पंचायत में निर्दलियों को मिलाकर 25 का आंकड़ा है। सूत्रों के मुताबिक जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए नाम की खोज भी शुरू कर दी गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों के मुताबिक पार्टी ने कुल 38 जिला पंचायत सीटों पर अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए थे।

Related Articles

Back to top button