उत्तर प्रदेशग़ाज़ियाबादराज्य

नमो भारत ट्रेन में एक दिन में कर रहे सवा लाख लोग यात्रा

Ghaziabad News: दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सोमवार, 8 जून को अब तक की सबसे अधिक दैनिक राइडरशिप रिकॉर्ड की गई। लगभग 1,25,500 यात्रियों के साथ यह संपूर्ण कॉरिडोर पर एक दिन में अब तक दर्ज की गई यात्रियों की सबसे अधिक संख्या है।
आम दिनों में औसतन एक लाख यात्री
आम दिनों में, औसतन लगभग एक लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। यह उपलब्धि एनसीआर में लोगों के यात्रा करने के तरीके में आ रहे बड़े बदलाव को दर्शाती है, जहां यात्री अब तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन के रूप में नमो भारत को चुन रहे हैं।
नमो भारत ट्रेन के प्रति बढ रही लोगों के बीच लोकप्रियता
नमो भारत द्वारा यात्रा समय में होने वाली उल्लेखनीय कमी इसकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमुख कारण है। रोज़ाना कार्यालय आने-जाने वाले, विद्यार्थी तथा अन्य नियमित यात्री, जिनके लिए समय पर पहुंचना और विश्वसनीयता एक आवश्यकता है। अपनी दैनिक यात्रा के लिए नमो भारत को प्राथमिकता दे रहे हैं। ट्रेनों के संचालन में लगभग 99 प्रतिशत समयबद्धता के कारण यात्री अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने के लिए इस प्रणाली पर भरोसा कर पा रहे हैं और उन्हें सड़कों पर लगने वाले जाम तथा यात्रा की अनिश्चितता से राहत भी मिल रही है।
गाजियाबाद, न्यू अशोक नगर और बेगमपुल सबसे व्यस्त स्टेशन
दिल्ली में सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार तथा उत्तर प्रदेश में गाज़ियाबाद और बेगमपुल कॉरिडोर पर सबसे व्यस्त स्टेशनों की सूची में लगातार बने हुए हैं। यह सभी स्टेशन सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों जिनमें मेट्रो, भारतीय रेलवे, आईएसबीटी और सिटी बसें शामिल हैं, के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं। ये स्टेशन सम्मिलित रूप से कॉरिडोर की कुल राइडरशिप में लगभग 40 प्रतिशत से अधिक का योगदान दे रहे हैं।
भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए आरामदायक सफर
दिल्ली-एनसीआर में वर्तमान में 40-45 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी के बीच पूर्णतः वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान कर रही हैं। ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच यह प्रणाली न केवल एक किफायती विकल्प के रूप में उभर रही है, बल्कि निजी वाहनों के स्थान पर अधिक कुशल एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए भी लोगों को प्रोत्साहित कर रही है।
सुबह 7 से 11.30 बजे तक प्रदान की जा रही सेवाएं
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए एनसीआरटीसी ने हाल ही में दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर पीक आवर्स के दौरान 18 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स शुरू की हैं। सुबह 7 बजे से रात्रि 11:30 बजे तक तथा शाम 5 बजे से 8त्र30 बजे तक सराय काले खां से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच ये अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील की गई थी और यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button