बागपत रोजगार मेला में 1042 युवाओं को मिली नौकरी, साकार हुआ सपना
युवाओं, महिलाओं को मिला रोजगार, सभी के लिए जिलाधिकारी से नियुक्ति पत्र पाकर पूरा हुआ रोजगार का सपना।
Baghpat News: केंद्र सरकार के प्रगति पथ के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 5 जून से 21 जून तक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं। जिसके क्रम में बागपत जिले में रोजगार सृजन और सुशासन का रोजगार मेला आयोजित किया गया। मिशन रोजगार के तहत आयोजित इस मेले ने न केवल हजारों युवाओं, महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए, बल्कि बागपत को आत्मनिर्भरता और औद्योगिक प्रगति की नई दिशा भी दी।
डीएम अस्मिता लाल ने किया रोजगार मेले का शुभारंभ
मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि बागपत अब रोजगार सृजन में नए कीर्तिमान रच रहा है। अब हमारे युवाओं को अपने ही जिले में बेहतर अवसर मिल रहे हैं, जो माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की नीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल नौकरियां उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता, कौशल और अभिरुचि के अनुसार सम्मानजनक रोजगार देना है। मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट संदेश है — कोई भी युवा निराश न रहे, कोई भी हाथ खाली न रहे। यही संदेश आज बागपत में इस व्रहद रोजगार मेले के रूप में साकार होता दिख रहा है।
जिले के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम
सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि यह रोजगार मेला न केवल युवाओं के लिए अवसरों का द्वार खोल रहा है बल्कि यह जिले के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। जब स्थानीय स्तर पर ही युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार मिलेगा, तब वास्तविक अर्थों में आत्मनिर्भर बागपत और आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
66 से अधिक कंपनियों ने रोजगार मेला में लिया भाग
मेले में 66से अधिक कंपनियों ने भाग लिया। जिनमें बागपत, गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली-एनसीआर की प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयाँ शामिल थीं। इन कंपनियों में विनिर्माण, सेवा, आईटी, रिटेल, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर, एफएमसीजी और सुरक्षा सेवाओं से जुड़ी अग्रणी संस्थाएं सम्मिलित रहीं। रोजगार मेला युवाओं के उत्साह और ऊर्जा से सराबोर रहा।
1654 अभ्यर्थियों ने कराया अपना पंजीकरण
दिनभर चलने वाले इस आयोजन में कुल 1654 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1,042 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। इनमें कुशल, अर्द्धकुशल और अकुशल सभी वर्गों के प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। रोजगार मेला विकास” का जीवंत उदाहरण बन गया। जहां किसी भी व्यक्ति को उसकी शारीरिक या सामाजिक स्थिति के आधार पर नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभा और योग्यता के आधार पर अवसर दिया गया। रोजगार विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल से आयोजित यह मेला प्रदेश सरकार की उस नीति का मूर्त रूप प्रतीत हुआ, जिसके अंतर्गत “हर हाथ को काम, हर युवा को सम्मान” का लक्ष्य रखा गया है। आयोजन में कंपनियों ने युवाओं के साथ ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू किए और कई अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।
जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
समापन सत्र में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बागपत में आयोजित यह वृहद रोजगार मेला न केवल एक कार्यक्रम है, बल्कि यह सुशासन और जनसहभागिता की सच्ची झलक है। जिस तरह से प्रशासन, उद्योग जगत और युवा एक मंच पर एकत्रित हुए हैं, वह विकसित होते उत्तर प्रदेश की दिशा में एक ठोस कदम है।
प्रदेश सरकार ने मिशन रोजगार को जनआंदोलन का रूप दिया
सांसद डॉ. सांगवान ने आगे कहा कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जिस मिशन रोजगार को जनआंदोलन का रूप दिया है, उसका सबसे सुंदर उदाहरण आज बागपत में देखने को मिला है। हमारे जिले के हजारों युवाओं को आज अपने ही जनपद में सम्मानजनक रोजगार मिलना, इस बात का प्रमाण है कि सरकार की नीतियां अब धरातल पर साकार रूप ले रही हैं।



