उत्तराखंड

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 2.67 लाख छात्रों ने बताया अपना विजन, 140 बेहतरीन विचारों पर सीएम धामी करेंगे संवाद

देहरादून: उत्तराखंड के भविष्य को लेकर प्रदेश के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में अपने विचार साझा किए हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विजन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे हैं। विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, पर्यावरण और सामाजिक विकास समेत आठ प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव दिए हैं।

राज्य में कक्षा 11वीं और 12वीं में सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में कुल 2,96,426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लेकर उत्तराखंड के विकास और भविष्य को लेकर अपनी सोच सामने रखी है। इन निबंधों को केवल लेखन के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इन्हें प्रदेश की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और विकास की सोच के दस्तावेज के रूप में भी देखा जा रहा है।

इन जिलों में शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और चमोली में कक्षा 11वीं और 12वीं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए। पौड़ी में 98.82 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 97.46 प्रतिशत, हरिद्वार में 91.77 प्रतिशत, टिहरी में 91.57 प्रतिशत, बागेश्वर में 89.26 प्रतिशत, नैनीताल में 85.89 प्रतिशत और उत्तरकाशी में 84.93 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अभियान में भागीदारी की।

देहरादून जिले में कक्षा 11वीं और 12वीं के कुल 63,666 विद्यार्थियों में से 47,358 विद्यार्थियों ने अपने निबंध प्रस्तुत किए हैं। अब प्राप्त निबंधों और विचारों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ विशेषज्ञों की टीम द्वारा अवलोकन और मूल्यांकन किया जा रहा है। श्रेष्ठ विचारों के परिणाम 16 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

श्रेष्ठ 140 विचारों का होगा चयन, विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे सीएम

अभियान के तहत श्रेष्ठ 140 विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे और उनके विजन, अनुभवों तथा सुझावों को सुनेंगे।

बेहतरीन विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ अन्य प्रोत्साहन और पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को प्रदेश के विकास और नीति निर्माण की सोच से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पहली बार विकास के विजन पर विद्यार्थियों से हुआ वैचारिक मंथन

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से प्रदेश के युवा विद्यार्थियों को विकास प्रक्रिया से जोड़ने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। 2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी अभियान के प्रति युवाओं के उत्साह को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से 24 अगस्त तक अपने विचार साझा कर उन्हें पोर्टल पर अपलोड करने का आह्वान किया था। अभियान के जरिए विद्यार्थियों को उत्तराखंड के भविष्य की दिशा को लेकर अपनी सोच रखने का अवसर मिला।

हर सहभागी विद्यार्थी को मिला डिजिटल प्रमाण पत्र

पोर्टल पर निबंध जमा करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया है। अभियान के दौरान राज्य के प्रत्येक ब्लॉक, विद्यालय और विद्यार्थी से संबंधित विवरण का डेटा संकलित किया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा सके।

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि नई पीढ़ी को सीधे राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण की सोच से जोड़ना इस पहल का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपने विचार साझा किए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थी केवल उत्तराखंड का भविष्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार वर्तमान उत्तराखंड को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी की सोच को सुना जा रहा है और युवाओं के अच्छे एवं व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button