मेरठ में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजारी इनामी को लगी गोली
मेरठ में नकबजनी की दो घटनाओं में शामिल था घायल बदमाश
मेरठ। थाना सरूरपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान इनामी बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश नकबजनी की दो घटनाओं में शामिल था।
थाना सरूरपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम रासना में दो घरों में घुसकर आभूषण एवं नकदी चोरी करने की घटनाओं के संबंध में थाना सरूरपुर पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। जो कि सबूत संकलन एवं अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान घटना में संलिप्त अभियुक्त अनस उर्फ भूरा पुत्र यामीन निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना रोहटा जनपद मेरठ का नाम प्रकाश में आया जो थाना रोहटा से 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी है।
अभियुक्त अनस उर्फ भूरा की घेराबंदी की गई
रात में थाना सरूरपुर पुलिस द्वारा अभियुक्त अनस उर्फ भूरा की घेराबंदी की गई। इस दौरान बाइक सवार अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर अभियुक्त की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे अभियुक्त के बाएं हाथ में चोट आ गई। पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अनस उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण व 22 हजार रुपये नकदी सहित एक चोरी की स्प्लेंडर बाइक तथा तमंचा बरामद किया है।



