
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक रिश्तेदार ने बच्ची को चावल लाने के बहाने अपने साथ ले जाकर सुनसान जगह पर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी बच्ची को घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल महतो के अनुसार, आरोपी का बच्ची के घर अक्सर आना-जाना था। सोमवार को उसने कथित तौर पर चावल लाने की बात कहकर बच्ची के पिता से दोपहिया वाहन लिया। इसके बाद वह नौ साल की बच्ची को भी अपने साथ ले गया। आरोप है कि रास्ते में एक सुनसान स्थान पर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे वापस घर छोड़ दिया।
मां की पूछताछ में सामने आई वारदात
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब बच्ची की मां ने उसके कपड़ों पर धूल लगी देखी। मां ने बच्ची से इसकी वजह पूछी तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।
तमाड़ थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की मां के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी, बच्ची की मेडिकल जांच
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, पीड़िता की चिकित्सीय जांच भी कराई गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है।



