सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले 4 युवक गिरफ्तार
समाज विशेष के विरुद्ध गालियां देते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं।
Meerut News: थाना टीपी नगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर समाज विशेष के विरुद्ध आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एसपी सिटी मेरठ के निर्देशन एवं सीओ ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में थाना टीपी नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर समाज विशेष के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी एवं गाली-गलौज वाली वीडियो वायरल करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया गया।
बाइक पर बैठकर समाज विशेष के खिलाफ वीडियो बनाया
युवक सौरभ कुमार गौतम निवासी मोहकमपुर ने थाना टीपी नगर पर तहरीर दी कि कुछ युवक बाइक पर बैठकर समाज विशेष के विरुद्ध गालियां देते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं। जिससे समाज विशेष में रोष व्याप्त होने की संभावना है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना टीपी नगर पर मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना टीपी नगर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों के नाम पता
चिरंजीव उर्फ चीकू पुत्र मनवीर सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी मोहकमपुर थाना टीपी नगर मेरठ, पवन कुमार पुत्र हरबीर सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी मोहकमपुर थाना टीपी नगर मेरठ, गोलू यादव पुत्र हरेंद्र यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी जसवंत नगर मलियाना थाना टीपी नगर मेरठ और वंश शर्मा पुत्र हरीकिशन शर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी शिवपुरम थाना टीपी नगर मेरठ है।



