
लुधियाना: थाना सलेम टाबरी क्षेत्र के हुसैनपुरा स्थित एक निजी स्कूल से एलकेजी में पढ़ने वाले पांच वर्षीय बच्चे के कथित तौर पर ले जाए जाने का मामला सामने आया है। बच्चे के दादा मंगाराम और दादी कृष्णा, निवासी गांव तलवंडी कला, ने आरोप लगाया कि 11 अगस्त को बच्चे की मां कुछ लोगों के साथ स्कूल पहुंची और उनके पोते अभिषेक को अपने साथ ले गई।
चार साल से दादा-दादी कर रहे थे पालन-पोषण
दादा-दादी के मुताबिक बच्चे के पिता घोला सिंह की करीब चार महीने पहले मौत हो चुकी है। वहीं, बच्चे की मां करीब चार वर्ष पहले घर छोड़कर अपने मायके चली गई थी। इसके बाद अभिषेक पिछले सवा चार वर्ष से दादा-दादी के पास रह रहा था और वही उसका पालन-पोषण कर रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे की देखभाल और सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन को बाकायदा शपथपत्र दिया गया था। इसमें स्पष्ट किया गया था कि छुट्टी के समय बच्चे को दादा-दादी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के साथ न भेजा जाए। इसके बावजूद 11 अगस्त को बच्चे को स्कूल से ले जाया गया।
स्कूल के बाहर धरने पर बैठे परिजन
बच्चे को स्कूल से ले जाने को दादा-दादी ने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही बताते हुए बुधवार को स्कूल के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने बच्चे को वापस लाने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार, धरना शुरू होने के बाद स्कूल प्रबंधन ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके बाद बच्चों को छुट्टी देकर स्कूल से चले गए। घटना के बाद स्कूल के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिस मौके पर पहुंची, कार्रवाई का आश्वासन
स्कूल के बाहर धरने की सूचना मिलने के बाद एलडीको एस्टेट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे पारिवारिक सदस्यों से बातचीत की और उन्हें मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
परिजनों ने प्रशासन से बच्चे को वापस लाने और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और बच्चे के संबंध में आगे की जानकारी का इंतजार है।



