लौकी दाल चीला

एक नज़र
- रेसिपी क्विज़ीन : इंडियन
- कितने लोगों के लिए : 2 – 4
- समय : 15 से 30 मिनट
- मील टाइप : ब्रेकफास्ट
आवश्यक सामग्री
- एक कप मूंग दाल
- एक कप चना दाल
- आधा कप उरद दाल
- एक चुटकी हींग
- 3 कप लौकी, कद्दूकस की हुई
- 3-4 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- एक चम्मच अदरक, कद्दूकस किया हुआ
- एक चौथाई चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- तीन चौथाई चम्मच बेकिंग पाउडर
- 2 छोटा चम्मच जीरा
- सेकने के लिए तेल
विधि
– सबसे पहले सभी दालों को साफ करके अच्छी तरह धो लें और फिर इन्हें 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगो कर रख दें.
– इसके बाद इन दालों को पानी से निकाल कर मिक्सर में बारीक पीसकर पेस्ट बना लें.
– दाल के मिश्रण को किसी बर्तन में निकालकर इसमें कद्दूकस की हुई लौकी, हरी मिर्च, अदरक, नमक व लाल मिर्च पाउडर मिलाकर अच्छे से फेंटें. फिर बेकिंग पाउडर मिलाकर अच्छी तरह फिर फेंटकर चीले का मिश्रण तैयार कर लें.
– अब एक नॉनस्टिक पैन में एक बड़ा चम्मच तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें और इसमें जीरा डालकर भूनें.
– इसके बाद इसमें दाल का इतना घोल डालें कि चीला आधा सेमी. मोटा दिखाई दे और फिर ढककर 4-5 मिनट तक धीमी गैस पर सेकें.
– अब ढक्कन खोल कर चीला पलट दें और फिर से ढककर 2-3 मिनट धीमी आंच पर सेंकें. जब चीला दोनों तरफ से सुनहरा व कुरकुरा हो जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें.
– बाकि घोल से ऐसे ही चीले सेंककर प्लेट में निकाल लें.
– आप चाहें तो गैस के दोनों बर्नर पर 2 नॉनस्टिक पैन रखकर एक समय में दो चीले बना सकते हैं.
– लौकी दाल चीला तैयार है.
– इन्हें अलग-अलग प्लेटों में निकाल कर धनिया की चटनी , मीठी चटनी याटोमैटो सॉस के साथ सर्व करें.
जब भी आपका मन हो नाश्ते या स्नैक्स में चीला बनाकर खा सकते हैं. तो आइए आज सीखते हैं लौकी दाल का चीला बनाना…


