उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़

राहुल की किसान यात्रा के बाद अब भाजपा निकालेगी परिवर्तन यात्रा

bjpलखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने-अपने राजनीतिक दलों का माहौल बनाने में जुटी कांग्रेस और सत्ताधारी दल समाजवादी पार्टी की यात्राएं तो अपने-अपने ढंग और विषयों को लेकर चल रही हैं। लेकिन अभी तक शांत बैठी भारतीय जनता पार्टी भी अब अपनी परिवर्तन यात्रा लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने अपनी यात्रा की अवधि के दिनों और तारीखों की भी घोषणा कर दी है। 05 नवम्बर से अपनी परिवर्तन यात्रा शुरू कर रही भाजपा 45 दिनों तक अपनी यात्रा करेगी। पार्टी अपनी यात्रा की तैयारी सम्बन्धी रूपरेखा तय करने के लिए आगामी 13 अक्टूबर को एक बैठक भी करेगी।

इस सम्बन्ध में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा 05 नवम्बर से शुरू होगी जो 31 दिसम्बर को समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार और गुण्डागर्दी मुक्त यूपी बनाने, सुशासन के लिए कमल खिलाने के लिये प्रदेश में 55 दिवसीय चार परिवर्तन यात्रायें क्रमशः सहारनपुर, ललितपुर, बलिया, सोनभ्रद से शुरू होंगी। बीच के छुट्टी के दिनों को हटाकर पार्टी यात्रा कुल 45 दिन ही करेगी। उन्होंने बताया कि 2017 में यूपी में प्रचण्ड बहुमत की सरकार बनाने, कांग्रेस मुक्त भारत सपा-बसपा मुक्त यूपी बनाने के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आर्शीवाद प्राप्त करने के लिए प्रदेश के कार्यकर्ता परिवर्तन यात्रा में जी-जान से जुटेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बसपा ने गरीबों का शोषण किया और सपा ने गरीबों का उत्पीड़न किया। भारतीय जनता पार्टी 2016-2017 को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनायेगी। उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा का शुभारम्भ राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र और उमा भारती करेंगी। उन्होंने बताया कि यात्रा में प्रदेश व देश के सभी वरिष्ठ नेतागण विभिन्न स्थानों पर यात्रा में सहभागिता और मार्गदर्शन करेंगे।

 

Related Articles

Back to top button