स्पोर्ट्स

HIL-2: पंजाब की जीत में चमके सुनील

पंजाब वॉरियर्स ने बुधवार को हॉकी इंडिया लीग के पांचवें संस्करण (एचआइएल-5) में रांची रेज को 7-0 से करारी शिकस्त दी।

रांची। भारतीय फॉरवर्ड एसवी सुनील के दो गोलों की मदद से मौजूदा चैंपियन पंजाब वॉरियर्स ने बुधवार को हॉकी इंडिया लीग के पांचवें संस्करण (एचआइएल-5) में रांची रेज को 7-0 से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की।

पंजाब ने इस टूर्नामेंट में पहली बार रांची को उसके घर में मात दी है। मिंक वैन दर वीयरदान के 25वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने के बाद सुनील ने 26वें और 34वें मिनट में मैदानी गोल दागे। जैक वेट्टन ने 43वें मिनट में गोल कर टीम को 7-0 से जीत दिलाई। रांची को फॉरवर्ड क्रिस्टोफर रुहर की कमी खली जो चोट के कारण नहीं खेले।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं दाग पाई। दूसरे क्वार्टर में रांची को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाई। हालांकि पंजाब के मिंक वैन दर और सुनील गोल दागने में सफल हो गए। तीसरे क्वार्टर में भी पंजाब के सुनील और जैक वेट्टन ने एक-एक गोल कर अपनी टीम को 7-0 की मजबूत बढ़त दिलाकर रांची की जीत की उम्मीद तोड़ दी। इस जीत के साथ पंजाब की टीम पांच अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंची। रांची पांच मैचों में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम है। मुंबई पांच मैचों में 17 अंक लेकर शीर्ष स्थान पर काबिज है। मुंबई गुरुवार को रांची के खिलाफ मैच खेलने उतरेगी।

Related Articles

Back to top button