
महाराष्ट्र में हुए बीएमसी और निकाय चुनावों में भाजपा ने शानदार सफलता हासिल की है।
मुंबई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले पर मुंबई समेत समूचे महाराष्ट्र की जनता ने मुहर लगा दी है। नोटबंदी के साढ़े तीन महीने बाद 10 महानगर पालिकाओं और 25 जिला परिषदों में भाजपा को मिली भारी सफलता ने फिर साबित कर दिया कि आर्थिक सुधारों पर आम जनता मोदी सरकार के साथ है। मुंबई जैसे व्यापारिक नगर में भी नोटबंदी का विरोध करती रही शिवसेना को बड़ा झटका लगा है।
एनसीपी और कांग्रेस का सूपड़ा साफ
दूसरी तरफ, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। महाराष्ट्र के स्थानीय निकायों के लिए मतदान 16 और 21 फरवरी को हुए थे। परिणाम गुरुवार को आए। 10 महानगर पालिकाओं में से नौ में भाजपा का महापौर और 25 जिला परिषदों में से 15 में उसके अध्यक्ष बनने के पूरे आसार हैं। भाजपा और शिवसेना अलग-अलग लड़कर भी इतनी ज्यादा सीटें हासिल करने में कामयाब रहीं, तो यह महाराष्ट्र में ‘भगवा’ विचार का फैलाव है।




