अन्तर्राष्ट्रीयटॉप न्यूज़

वारेन बफेट के बराबर हुई जुकरबर्ग की कुल संपत्ति, फेसबुक डाटा लीक का भी नहीं पड़ा असर

फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग दुनिया के सबसे धनवान लोगों में से एक वारेन बफेट को बहुत जल्द पीछे छोड़ने की स्थिति में आने वाले हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनर्स इंडेक्स के मुताबिक फिलहाल जुकरबर्ग की कुल संपत्ति बर्कशियर हैथवे इंक के चेयरमैन वारेन बफेट के बराबर हो गई है।वारेन बफेट के बराबर हुई जुकरबर्ग की कुल संपत्ति, फेसबुक डाटा लीक का भी नहीं पड़ा असर

जुकरबर्ग की संपत्ति में यह इजाफा इस साल उनके डाटा लीक विवाद में घिरने के बावजूद हुआ है, जिसके चलते फेसबुक के शेयरों में 18 फीसदी तक की गिरावट आई है। वारेन बफेट के मुकाबले उम्र में करीब 50 साल छोटे मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति अब 81.6 अरब डॉलर हो गई है।

भारतीय मुद्रा में दोनों की संपत्ति करीब पांच लाख 50 हजार करोड़ रुपए के बराबर है। वारेन बफेट भी 87 साल की उम्र में इतनी ही संपत्ति के मालिक हैं। ब्लूमबर्ग इंडेक्स की यह जानकारी न्यूयॉर्क शेयर बाजार के प्रतिदिन अपडेट होने वाली कारोबारी सूचना के आधार पर मिली है।

फिलहाल ई-रिटेल कंपनी अमेजॉन के मुखिया जेफ बेजॉस की दौलत 144.8 अरब डॉलर है और बिल गेट्स के पास 92.8 अरब डॉलर की दौलत है। इस हिसाब से 34 साल के मार्क अब अमेजॉन प्रमुख बेजॉस और माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स से ही पीछे छूट रहे हैं।

फेसबुक अधिकारियों को भी हुआ लाभ

फेसबुक के शेयर 27 मार्च को 152.22 डॉलर के स्तर पर थे, जो अब 202 डॉलर पर पहुंच गए हैं। इस उछाल के चलते कंपनी के अधिकारियों को भी बड़ा लाभ हुआ है। कंपनी के सीओओ शेरिल सैंडबर्ग की संपत्ति 1.8 अरब डॉलर के करीब हो गई है जबकि चीफ टेक्नालॉजी अधिकारी माइकल स्क्रोफर की संपत्ति भी 22.5 करोड़ डॉलर हो गई है।

बफेट की रैंकिंग में आई है गिरावट

ब्लूमबर्ग इंडेक्स की इस सूची में दुनिया के शीर्ष 500 रईस लोगों को शामिल किया जाता है। पिछले दिनों बड़े पैमाने पर चैरिटी करने के बाद से दुनिया के सबसे रईस लोगों में से एक वारेन बफेट की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गी है। उन्होंने बर्कशियर हैथवे क्लास बी के 29 करोड़ शेयर्स को गेट्स फाउंडेशन के लिए दान कर दिया था।

Related Articles

Back to top button