
छपरा: बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक के घर पहुंचे युवती के परिजनों ने उसके पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया गया कि युवक घर पर नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने उसके पिता गौतम राउत के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
युवक की तलाश में उसके घर पहुंचे थे युवती के परिजन
पुलिस सूत्रों के अनुसार चनना गांव निवासी गौतम राउत के 60 वर्षीय बेटे का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों घर से चले गए थे। मंगलवार देर रात युवती के परिजन युवक की तलाश करते हुए गौतम राउत के घर पहुंचे।
युवक के घर पर नहीं मिलने के बाद युवती के परिजनों ने उसके पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों से की गई पिटाई में गौतम राउत गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के बयान पर प्राथमिकी, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।



