
नई दिल्ली: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के केशव पुरम इलाके में मामूली विवाद के बाद 30 साल के युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मामला शराब के ठेके के बाहर सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगने से शुरू हुआ था। माचिस देने से इनकार करने पर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। हमले में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है। पुलिस ने मामले में नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार रात शराब की एक दुकान के सामने हुई। भवानी और आशा राम वहां मौजूद थे। इसी दौरान तीन लोग उनके पास पहुंचे और सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगी। दोनों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बहस के बाद चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चाकू से हमला किया गया। हमले में भवानी की पीठ के बाईं ओर गहरा घाव हो गया।
गंभीर हालत में उसे दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आशा राम की छाती के निचले हिस्से में बाईं ओर चाकू लगा है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत ऐसी थी कि वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं था।
19 साल के मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मुख्य आरोपी की पहचान 19 वर्षीय नरेश बहादुर उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 19 वर्षीय तरुण और एक नाबालिग के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि नरेश ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला किया, जबकि तरुण और नाबालिग ने उनके साथ मुक्कों से मारपीट की।
नरेश की निशानदेही पर चाकू बरामद
पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेश की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या और धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



