विश्व कप के बाद एकदिनी क्रिकेट से संन्यास लेंगे जेपी डुमिनी

जोहानसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला खिलाड़ी जेपी डुमिनी ने इंग्लैंड में 30 मई से शुरू होने वाले आगामी विश्व कप के बाद एकदिनी क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। हालांकि वह टी-20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।
संन्यास की घोषणा करते हुए डुमिनी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में मुझे अपने करियर का फिर से आकलन करने और भविष्य में कुछ लक्ष्यों को पूरा करने का मौका मिला। मैं दक्षिण अफ्रीका के लिए टी-20 क्रिकेट खेलने को उपलब्ध रहूंगा लेकिन मैं अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहता हूं जो कि मेरी प्राथमिकता है। डुमिनी ने कहा, ‘मैं भाग्यशाली हूं जो मुझे वह खेल खेलने का मौका मिला जिससे मुझे बहुत प्यार है। अपने साथी खिलाड़ियों, कोच, फैंस, दोस्तों और परिवार से मिलने वाले समर्थन का मैं हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा।’

उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड में होने वाला विश्व कप डुमिनी का तीसरा विश्व कप होगा। वह इससे पहले 2011 और 2015 का विश्व कप खेल चुके हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए अब तक 193 एकदिनी मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.39 के औसत से 5047 रन बनाए हैं और 68 विकेट भी हासिल किए हैं।



