राष्ट्रीय

Amphan Super Cyclone: ओडिशा, बंगाल के साथ देश के अन्य राज्यों में भी अलर्ट, बदला मौसम

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बना सुपर साइक्लोन एम्फन को लेकर ओडिशा, बंगाल समेत देश कई राज्य अलर्ट पर हैं।मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में उठे समुद्री चक्रवात एम्फन लैंडफॉल से पहले ओडिशा में कहर बरपा रहा है। पारादीप, चांदबली और बालासोर, पुरी में इस समय काफी तेज गति से हवाएं चल रही है। बुधवार को दोपहर से शाम के बीच यह बंगाल के दीघा-हातिया तट पर सुंदरवन के पास स्थल भाग से टकराएगा। तब हवा की गति 155 से 165 किमी. प्रति घंटा होगी। हालांकि महापात्र ने कहा है कि एम्फन से ओडिशा में ज्यादा खतरा नहीं है।

लेकिन इस बीच देश के कई और राज्यों में इसका असर देखने को मिल रहा है। ये सभी वे राज्य है, जिनकी सीमाएं बंगाल या ओडिशा से जुड़ी हैं। इनमें झारखंड, यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ शामिल हैं।

झारखंड में मौसम बदला, अलर्ट पर प्रशासन

चक्रवाती तूफान एम्‍फन का असर झारखंड के कोल्हान में दिखने लगा है। बीती रात से ही हल्की बूंदाबादी के बाद यहां आज का दिन भी बारिश के साथ शुरू हुआ है। आसमान में बादल छाए हैं। कोल्‍हान के तीनों जिलों में प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर रखा है और बिजली व्‍यवस्‍था बहाल रखने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई। 

छत्तीसगढ़ के सरहदी जिलों में अलर्ट

छत्तीसगढ़ में ओडिशा की सीमा से सटे जिलों में एम्फन तूफान को लेकर अलर्ट किया गया है। दरअसल, सोमवार दोपहर महासमुंद, बालोद जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश तबाही लेकर आई थी। कई गांवों में टिन की छतें उड़ गई। सौ से अधिक पेड़ उखड़ गए। बिजली के पोल गिरने से 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।

महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र स्थित कैलेंडा, छिबर्रा, कसलबा गांवों में अधिकांश घरों की टिन की छत उड़ गई थी। कलेंडा गांव में आंधी से एक घर भी दीवार ढह गई थी। ऐसे में इन क्षेत्रों में तूफान का ज्यादा असर होने की आशंका है। तूफान के प्रभाव से मंगलवार को पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। दंतेवाड़ा में तेज आंधी चली है।

यूपी में बदला मौसम का मिजाज

एम्फन तूफान का मामूली असर मंगलवार सुबह वाराणसी सहित पूर्वांचल में देखने को मिला। यहां कुछ देर के लिए आसमान में बादल छाया लेकिन यह ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया। वहीं इस तूफान का असर हवा के रूख में बदलाव के रूप में भी देखने को मिला। तापमान में भी मामूली सुधार हुआ है हालांकि गर्मी से राहत नहीं मिल रही।

बिहार में भारी बारिश की चेतावनी

एम्फन का प्रभाव देश के मैदानी भागों में भी दिखेगा। चक्रवात के कारण बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश के विभिन्न शहरों में इस चक्रवात से भारी बारिश हो सकती है और तापमान में गिरावट हो सकती है।

Related Articles

Back to top button