राफेल : दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच लैंड करेगा फाइटर, इन चीजों पर लगी रोक

लखनऊ (अमरेन्द्र प्रताप सिंह): राफेल नाम के जिस शक्तिशाली लड़ाकू विमान का सभी को इंतज़ार था वह फाइटर प्लेन आज देश में आ रहा है। फाइटर प्लेन की पहली खेप अम्बाला में उतरेगी। इसी के साथ भारत की सैन्यशक्ति में बड़ी बढ़ोतरी भी हो जाएगी। इस तरह आज भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ाने वाला दिन है।
ग्रुप कैप्टन हरकीरत सिंह लाएंगे राफेल
जानकारी के अनुसार, राफेल लड़ाकू विमान आज अम्बाला एयरफ़ोर्स स्टेशन पर दोपहर 1 बजे से लेकर 3 बजे के बीच लैंड करेगा। पहली खेप में कुल पांच लड़ाकू विमान होंगे, जो कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन हरकीरत सिंह के नेतृत्व में अम्बाला एयर बेस पर उतरेंगे।
इलाके में लोगों के छतों पर जाने की मनाही
राफेल की लैंडिंग के चलते स्थानीय प्रशासन द्वारा अंबाला एयरबेस से सटे हुए क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गयी है। लोगों को छतों पर जाने से मना कर दिया गया है। धारा 144 के तहत एयरबेस के पास स्थित 4 गांवों में प्रतिबन्ध लागू हो गए हैं। प्रतिबंधों में राफेल विमानों की लैंडिंग के समय छतों पर लोगों के एकत्र होने और तस्वीरें लेने पर पूरी तरह से मना कर दिया गया है।
क्षेत्र में चार या अधिक लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध
खबर के मुताबिक, अंबाला के उपायुक्त अशोक शर्मा के द्वारा जारी आदेश के तहत धुलकोट, बलदेव नगर, गरनाला और पंजखोड़ा सहित एयरबेस केआसपास के क्षेत्र में चार या अधिक लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध है। इस दौरान वायु सेना एयरबेस की बाउंड्री और उसके आसपास के क्षेत्र का वीडियो बनाने और तस्वीर लेने पर रोक लगा दी गयी है।







