उत्तराखंड

सीएम धामी ने चार जिलों में देवभूमि रजत जयंती पार्कों का किया लोकार्पण

देहरादून ( दस्तक डेस्क) : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के चार जिलों के नौ नगर निकायों में विकसित देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण किया है। ऋषिकेश में आयोजित एक कार्यक्रम में इन पार्कों को जनता को समर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों एवं आंदोलनकारियों को नमन किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर राज्य सरकार ने संकल्प लिया था कि राज्य स्थापना की स्मृतियां केवल समारोहों तक सीमित न रहें, बल्कि विकास कार्यों के रूप में धरातल पर भी दिखाई दें। इसी उद्देश्य से प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में देवभूमि रजत जयंती पार्क विकसित करने का निर्णय लिया गया था।

धामी ने कहा कि जिन स्थानों पर पहले कूड़े के ढेर और झाड़ियां दिखाई देती थीं, वे आज हरे-भरे एवं सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये पार्क बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने, महिलाओं के बैठने और युवाओं के योग एवं व्यायाम के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराएंगे। इनमें उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपराओं और स्थानीय वनस्पतियों की झलक भी देखने को मिलेगी। उन्होंने नगर निकायों से जनभागीदारी के माध्यम से इन पार्कों का रखरखाव सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास विकास का लाभ प्रत्येक नगर और वार्ड तक पहुंचाना है तथा शहरों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से लगभग 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग के योग्य बनाया गया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले की 36 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सात विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Related Articles

Back to top button