मनोरंजन

राजकुंद्रा का करीबी अरविंद का कानपुर कनेक्शन सामने आया, एमपी से बनवाया था पासपोर्ट

कानपुर । बॉलीवुड की प्रसिद्ध अदाकारा शिल्पा शेट्टी के कारोबारी पति राज कुंद्रा के प्रोडक्शन हाउस से जुड़ा अरविंद श्रीवास्तव काफी समय से कानपुर नहीं आया था। पिछली बार वह दो साल पहले शहर आया था। मुंबई पुलिस को उसके बारे में जानकारी रामबाग स्थित एक बैंक मैनेजर से पूछताछ में मिली थी। पुलिस ने उसके माता-पिता के केयर टेकर से भी पूछताछ की थी।

पोर्नोग्राफी मामले में फंसे मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा का कानपुर कनेक्शन भी सामने आ गया है। राज कुंद्रा के प्रोडक्शन का संचालन करने वाला यश ठाकुर का जुड़ाव कानपुर से है। मुंबई पुलिस को शक है कि कानपुर का अरविंद श्रीवास्तव ही यश ठाकुर है, जिसकी जांच के सिलसिले में कानपुर आई मुंबई क्राइम ब्रांच टीम को कई अहम जानकारियां मिली हैं। अरविंद के पिता और पत्नी के खाते में रकम मंगाई जाती रही है, जिसकी जांच पुलिस ने की है।

खुद को सिंगापुर की एक कंपनी में कार्यरत अरविंद श्रीवास्तव के कनेक्शन को तलाशते हुए मुंबई पुलिस मार्च में कानपुर आई थी। तब रामबाग स्थित एक निजी बैंक में एक खाते के कुछ ट्रांजेक्शन को लेकर पुलिस को शंका थी। यहीं से पुलिस को पहली बार अरविंद श्रीवास्तव के बारे में पता चला था। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया था कि अरविंद 2018 और 2019 में कानपुर आया था, तभी वह बैंक भी आया था। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को उसके घर की भी जानकारी हुई। पुलिस घर पहुंची तो पता चला कि श्याम नगर स्थित घर में सिर्फ उसके पिता नर्वदा प्रसाद श्रीवास्तव और मां प्रेमलता ही रहती हैं। हर्षिता पति अरविंद के साथ ही रहती है।

अरविंद ने अपने माता-पिता की देखरेख और घर के जरूरी कार्यों के लिए ओमप्रकाश तिवारी को केयर टेकर के रूप में रखा हुआ था। मुंबई क्राइम ब्रांच ने उनसे भी पूछताछ की थी। मुंबई पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, अरविंद श्रीवास्तव का पासपोर्ट मध्य प्रदेश से बना हुआ है। यह पासपोर्ट 14 अगस्त 2018 को बना था। वहीं, मुंबई पुलिस ने उसके खिलाफ 22 फरवरी 2021 लुक आउट नोटिस जारी किया था।

Related Articles

Back to top button