दिल्लीराज्य

लगातार दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा दी ठंड

नई दिल्ली: लगातार दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ा दी है। न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट के चलते दिल्ली-एनसीआर में ठंड में इजाफा हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार का दिन पिछले 19 साल में सबसे ठंडा रहा और 1951 के बाद चौथा सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पहाड़ों में हुई बर्फबारी के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिनों तक भी दिल्ली समेत उत्तर भारत में मौसम खराब रह सकता है।

वहीं, बुधवार रात से शुरू हुई बारिश दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह भी जारी रही। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए हुए हैं और शुक्रवार को भी दिनभर रुक-रुक बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार को हल्की बारिश होगी, तेज बारिश होने के आसार नहीं है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार को भी तापमान कम रहेगा, लेकिन इसके बाद बढ़ने लगेगा। इसके बाद अगले सप्ताह से ठंड से कुछ हद राहत मिलने लगेगी, क्योंकि न्यूनतम और अधिकतम दोनों ही तापमान में इजाफा होगा।

वहीं, इससे पहले बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 14.4 डिग्री दर्ज गया। फरवरी माह में यह 19 सालों के दौरान सबसे कम अधिकतम तापमान है। इससे पहले एक फरवरी 2003 को यहह 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। दूसरी तरफ 1951 के बाद यह माह का चौथा सबसे ठंडा दिन रहा। लोधी, आयानगर, नरेला और मयूर विहार में तो दिन का तापमान 14 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। हैरत की बात यह कि एक दिन पहले बुधवार को दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.4 डिग्री सेल्यियस रिकार्ड हुआ था। हालांकि बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी स्तर 74 से 95 प्रतिशत रहा। बारिश सुबह साढ़े आठ बजे तक 0.6 मिमी जबकि साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक 0.2 मिमी दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button