राजनीतिराष्ट्रीय

बीजेपी का 226 और कांग्रेस का 167 जनपदों में अध्यक्ष पार्टी समर्थित निर्वाचित

भोपाल : जनपद पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने दूसरे चरण की 142 सीटों में से 102 पर बीजेपी समर्थितों की जीत का दावा किया है और कहा है कि कांग्रेस समर्थित 29, गोँगपा समर्थित 5 और 6 जनपदों में निर्दलीय जनपद सदस्य अध्यक्ष बने हैं। दोनों ही चरण के लिए 312 जनपदों के अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के 226, कांग्रेस के 64 और अन्य 22 अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस का दावा है कि दोनों ही चरण में हुए अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस समर्थित 167 जनपद सदस्य जीते हैं। बुधवार को 89 और गुरुवार को 78 जनपदों में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष बना है। इस तरह 312 जनपदों के चुनाव में दोनों ही दलों के अध्यक्ष जीतने की दावेदारी 393 होती है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि अभी जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना बाकी है। उसमें भी कांग्रेस की स्थिति खराब है। भाजपा का दावा है कि गुरुवार को आए परिणाम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में सीहोर, नसरुल्लागंज, इछावर, आष्टा, बुधनी सभी में भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार जनपद अध्यक्ष चुने गए।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने गृह जिले छिंदवाड़ा में अपना जनपद हार गये हैं। नाथ का निवास स्थान शिकारपुर, मोहखेड़ जनपद में आता है और वहां भाजपा समर्थित उम्मीदवार कृष्णा डिगरसे जनपद अध्यक्ष चुने गए हैं। इसके पहले छिंदवाड़ा में अमरवाड़ा और बिछुआ जनपद कल हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी जीत चुकी है। छिंदवाड़ा के 11 जनपद में 6 पर भारतीय जनता पार्टी समर्थित जीते हैं। भारतीय जनता पार्टी अमरवाड़ा, बिछुआ, सौसर, मोहनखेड़, जुन्नारदेव और चौरई में विजयी हुई।

गुरुवार को जो चुनाव परिणाम सामने आए हैं, उनमें मैहर का चुनाव भी चर्चा में रहा। मैहर जनपद अध्यक्ष पद पर आकांक्षा विनोद लोधी जीती है, यह भाजपा समर्थित होने के बजाय विधायक नारायण त्रिपाठी समर्थित प्रत्याशी है। इसके बाद मैहर विधायक नारायण के पुत्र विकास त्रिपाठी बिज्जू जनपद पंचायत मैहर के निर्विरोध उपाध्यक्ष बने हैं। इसके अलावा पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव की गृह विधानसभा क्षेत्र कसरावद जनपद कांग्रेस जीती है। जनपद पंचायत सबलगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सुनीता रावत अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुई, उपाध्यक्ष पद के लिए बजरंग सिंह जादौन भारतीय जनता पार्टी के निर्विरोध निर्वाचित हुई। वर्षा दिलीप रावत पाटई निर्विरोध जनपद अध्यक्ष घाटीगांव (बरई) चुनी गई। सागर की सुरखी विधानसभा में दोनों जनपद पर बीजेपी निर्विरोध निर्वाचित हुई।

जैसीनगर और राहतगढ़ जनपद पंचायत में बीजेपी के अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। रीवा जिले की जनपद पंचायत त्यौंथर में जनपद अध्यक्ष पद के हुए निर्वाचन में 3 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया, जिसमें मीनू आदिवासी निवासी सरूई ने सर्वाधिक 14 मत प्राप्त करने से अध्यक्ष पद पर विजयी हुई। लवकुश नगर जनपद अध्यक्ष कस्तूरिया अहिरवार बनी। गौरिहार जनपद पंचायत में तुलसा अनुरागी 1 वोट से जीती। पवई जनपद अध्यक्ष पद पर मोहनी आनंद मोहन मिश्रा उमरहट चुनाव जीते। शाहनगर जनपद अध्यक्ष पद पर आशीष खरे को जीत मिली।

Related Articles

Back to top button