
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2,146 नए मरीज दर्ज किए गए हैं। जबकि, संक्रमण से आठ लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 19,75,540 और मृतक संख्या 26,351 पर पहुंच गई है। वहीं, राज्य में आज 2,439 लोग कोरोना से उबरने के बाद महामारी से ठीक होने वालों की संख्या 19,40,984 हो गई है।
गौरतलब है कि दिल्ली में मंगलवार को 2,495 नए मामले सामने आए, जबकि महामारी से सात लोगों की मौत हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी में पॉजिटिव रेट 15.41 प्रतिशत दर्ज की गई थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में आज पॉजिटिव रेट 17.83 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसी के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या 8,205 हो गई हैं। होम आइसोलेशन में 5,549 मरीज और अस्पताल में 510 भर्ती है। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 12,036 नमूनों की कोरोना जांच की गई, जिनमें 10,613 RT-PCR और 1,423 एंटीजन टेस्ट शामिल है। राज्य में अब तक 3,96,54,075 नमूनों की जांच की जा चुकी हैं।
आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में वर्तमान में कोविड अस्पतालों में आरक्षित 9,405 में से 8,869 बेड खाली हैं। वहीं, कोविड केयर सेंटर के 25 और कोविड हेल्थ सेंटर के 129 बेड खाली हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटे में 13,321 वैक्सीन की डोज लगाई गई हैं। इनमें 611 पहली डोज, 2,120 दूसरी डोज और 10,590 बूस्टर डोज शामिल हैं। इसके अलावा 15-17 उम्र के 207 लोगों ने वैक्सीन की डोज लगवाई।



